धनबाद। झरिया के अग्नि प्रभावित और भू-धंसान प्रभावित परिवारों के पुनर्वास तथा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सह झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें संशोधित झरिया मास्टर प्लान (RJMP) के तहत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों, वेंडरों और कार्यकारी एजेंसियों को लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
बेलगड़िया की बुनियादी सुविधाओं पर हुई समीक्षा
बैठक में बेलगड़िया पुनर्वास क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। इसमें अप्रोच रोड, बाउंड्री वॉल, सिविल कार्य, विद्युत एवं यांत्रिक व्यवस्था और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी केंद्रों और जलापूर्ति से संबंधित योजनाओं की स्थिति भी जानी गई।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। पुनर्वास क्षेत्र में सुविधाओं के बेहतर संचालन और विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग और भूमि के मुद्दों पर चर्चा
समीक्षा बैठक में प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा भूमि से संबंधित समस्याओं, नजारत में लंबित मामलों और निविदाओं की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की समीक्षा से जुड़े बिंदुओं पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
कौशल विकास कार्यक्रमों की प्रगति को भी समीक्षा में शामिल किया गया, ताकि पुनर्वास से जुड़े परिवारों के विकास और आजीविका के अवसरों से संबंधित योजनाओं की स्थिति का आकलन किया जा सके।
डीसी ने एजेंसियों को दी समय सीमा की सख्त हिदायत
उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी संबंधित विभागों, वेंडरों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना के लिए निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार कार्य पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। जनहित से जुड़ी योजनाओं और लंबित कार्यों को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी तरह की शिथिलता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एजेंसियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने और परियोजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
अगली बैठक में मांगी जाएगी प्रगति रिपोर्ट
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा करने और विकास कार्यों की जमीनी स्तर पर निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी केवल रिपोर्ट के आधार पर नहीं, बल्कि स्थल पर जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करें।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक में अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज सहित JRDA के वरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
