झरिया। नूनूडीह बालिका मध्य विद्यालय, झरिया में आयोजित कार्यक्रम में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने झारखंड सरकार की साइकिल योजना के तहत सैकड़ों छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में खुशी और उत्साह देखने को मिला।
साइकिल मिलने से छात्राओं को होगी सुविधा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि बेटियों की शिक्षा को आसान बनाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। साइकिल मिलने से छात्राओं को रोजाना विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आने वाली छात्राओं के लिए साइकिल काफी उपयोगी साबित होगी। इससे उनके आवागमन की समस्या कम होगी और पढ़ाई जारी रखने में सुविधा मिलेगी।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योजना
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि साइकिल योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने छात्राओं से पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील करते हुए कहा कि बेटियां शिक्षा के जरिए अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
बेटियों के आत्मविश्वास से जुड़ा है साइकिल का महत्व
रागिनी सिंह ने कहा कि साइकिल सिर्फ आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि यह बेटियों के आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि झरिया की हर बेटी को शिक्षा का अवसर मिले और वह आगे बढ़कर समाज एवं देश के विकास में अपनी भागीदारी निभाए, यही लक्ष्य होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे अधिकारी और गणमान्य लोग
कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रीना कुमारी और ब्लॉक प्रोग्रामिंग ऑफिसर सुजीत कुमार महतो की विशेष उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार, छात्राओं और उपस्थित लोगों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
इस दौरान अखिलेश सिंह, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, शशिकांत निराला, संजय पासवान, सौरभ मिश्रा और जयराम शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


