जामुड़िया में शादी समारोह के दौरान Frooti के सीलबंद पैकेट में मिले कथित कीड़े, जांच की उठी मांग

जामुड़िया में शादी समारोह के दौरान Frooti के सीलबंद पैकेट में मिले कथित कीड़े, जांच की उठी मांग

शादी समारोह में परोसे गए पैकेट को लेकर मचा हड़कंप

जामुड़िया। पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया थाना क्षेत्र स्थित पढ़ाशिया कोलियरी में एक शादी समारोह के दौरान परोसे गए Frooti के एक सीलबंद पैकेट में कथित तौर पर कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया और पैकेज्ड पेय पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्ट्र नहीं जाने पर हुआ संदेह, पैकेट खोलने पर दिखा कथित दृश्य

परिजनों के अनुसार, एक सीलबंद पैकेट एक बच्चे को दिया गया था। जब उसमें स्ट्र डालने की कोशिश की गई तो वह अंदर नहीं जा सकी। इसके बाद संदेह होने पर पैकेट में बड़ा छेद किया गया। परिवार का दावा है कि पैकेट खोलने पर उसके अंदर कथित तौर पर कई कीड़े दिखाई दिए, जिसके बाद वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

करीब 100 पैकेट खरीदे गए थे, मेहमानों ने पेय पीना किया बंद

परिवार के मुताबिक, शादी समारोह के लिए लगभग 100 Frooti पैकेट खरीदे गए थे। अधिकांश पैकेट मेहमानों में वितरित किए जा चुके थे, जबकि कुछ पैकेट बचे हुए थे। घटना सामने आने के बाद कई लोगों ने एहतियात के तौर पर पैकेज्ड पेय का सेवन बंद कर दिया।

फूड सेफ्टी विभाग से जांच की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फूड सेफ्टी विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि यदि पैकेट में कथित तौर पर कीड़े थे, तो इसकी वजह उत्पादन प्रक्रिया में कोई कमी थी या फिर भंडारण (स्टोरेज) के दौरान कोई समस्या हुई।

कंपनी और जांच रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल इस मामले में संबंधित कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि पैकेट की जांच के लिए उसे संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया है या नहीं। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *