जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड बंद होने का डर दिखाकर और केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद और मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा जंगल के पास छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मोबाइल, सिम कार्ड और ATM कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड और 1 मोटरसाइकल बरामद की। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
KYC अपडेट और Amazon Pay के नाम पर करते थे ठगी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वे बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों को कॉल करते थे। इसके अलावा, केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर भी लोगों से संवेदनशील जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी Amazon Pay ऐप में 10 अंकों का मोबाइल नंबर सर्च कर संबंधित व्यक्ति से संपर्क करते थे और केवाईसी के बहाने ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस का दावा है कि उनका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
साइबर थाना में मामला दर्ज, जांच जारी
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी अभियान जारी रहेगा।

