जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर सुबह करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुआ।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार सफेद स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर का सहारा लेना पड़ा।

खड़े ट्रेलर में जा घुसी तेज रफ्तार कार

बताया गया कि मरीन ड्राइव पर एक ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे जा टकराई।

हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

गैस कटर से कार काटकर निकाले गए शव

टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के पीछे बुरी तरह फंस गया था। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी ने कहा- जांच के बाद स्पष्ट होगी हादसे की वजह

जमशेदपुर के डीएसपी मनोज पांडेय ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार तड़के करीब ढाई से तीन बजे एक स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी।

उन्होंने कहा कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। वाहन की गति कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य मृतकों के निधन पर संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

दीपिका पांडेय सिंह झारखंड कांग्रेस की प्रमुख नेताओं में शामिल

दीपिका पांडेय सिंह झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य और पंचायती राज मंत्री हैं। वह गोड्डा जिले की महागामा विधानसभा सीट से विधायक हैं और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव भी हैं।

मंत्री की बेटी की मौत की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भी घटना पर दुख जताया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *