बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में विभिन्न विभागों के लिए अनुबंध के आधार पर 14 सलाहकारों की नियुक्ति की जाएगी। इस भर्ती में सेल की विभिन्न इकाइयों से सेवानिवृत्त अधिकारियों को आवेदन का अवसर दिया गया है।
बीएसएल समेत सेल की अन्य इकाइयों में कनिष्ठ प्रबंधक से लेकर महाप्रबंधक स्तर तक काम कर चुके पात्र पूर्व अधिकारी इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा करना होगा।
30 सितंबर तक जमा करना होगा आवेदन
पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों को 30 सितंबर 2026 तक इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक कार्मिक ओडी कार्यालय में अपना आवेदन जमा करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जाएगा। साक्षात्कार के आधार पर चयनित अधिकारियों को संबंधित विभागों में सलाहकार के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
10 विभागों में 14 सलाहकारों की होगी नियुक्ति
इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में कुल 10 विभागों के लिए 14 सलाहकारों की नियुक्ति की जानी है। इनमें प्रोजेक्ट सिविल में दो, प्रोजेक्ट सेफ्टी में एक, प्रोजेक्ट हॉट स्ट्रिप मिल में दो, प्रोजेक्ट इलेक्ट्रिकल में दो और प्रोजेक्ट फाइनेंस में दो पद शामिल हैं।
इसके अलावा वर्क्स सेफ्टी, वर्क्स पावर, वर्क्स वायर रॉड मिल, वर्क्स यूआरएम और ऊर्जा प्रबंधन विभाग में एक-एक सलाहकार की नियुक्ति होगी।
इस नियुक्ति के जरिए विभिन्न विभागों में अनुभवी अधिकारियों के ज्ञान और कार्यानुभव का उपयोग किया जाएगा।
छह महीने का होगा शुरुआती अनुबंध
सलाहकार के रूप में चयनित अधिकारियों की प्रारंभिक नियुक्ति छह महीने के लिए होगी। विभाग की आवश्यकता और कार्यप्रदर्शन के आधार पर अनुबंध को आगे बढ़ाया जा सकता है।
नियमों के अनुसार अधिकतम एक वर्ष तक सेवा विस्तार का प्रावधान रखा गया है। यानी जरूरत के आधार पर प्रारंभिक अवधि के बाद नियुक्ति को आगे जारी रखा जा सकता है।
किन पूर्व अधिकारियों को नहीं मिलेगा मौका?
नियुक्ति की शर्तों के अनुसार, सेल के ऐसे पूर्व अधिकारी जिन्होंने नौकरी से इस्तीफा दिया है या कंपनी प्रबंधन की ओर से स्वैच्छिक अथवा अनिवार्य सेवानिवृत्ति ली है, वे सलाहकार पद के लिए पात्र नहीं होंगे।
इसके अलावा जिन पूर्व अधिकारियों ने अपने तीन वर्ष के सेवाकाल के दौरान सी ग्रेड प्राप्त किया है, उन्हें भी इस पद के लिए योग्य नहीं माना जाएगा। आवेदन करने वाले उम्मीदवार की अधिकतम आयु 65 वर्ष निर्धारित की गई है।
पद के अनुसार 50 हजार से 1 लाख रुपये तक पारिश्रमिक
चयनित सलाहकारों को उनके पूर्व पद के स्तर के अनुसार मासिक पारिश्रमिक दिया जाएगा। पूर्व कनिष्ठ प्रबंधक से लेकर पूर्व प्रबंधक स्तर के अधिकारियों को 50 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
पूर्व वरीय प्रबंधक को 60 हजार, पूर्व सहायक महाप्रबंधक को 70 हजार, पूर्व उप महाप्रबंधक को 80 हजार और पूर्व महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी को एक लाख रुपये प्रतिमाह पारिश्रमिक दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त चयनित सलाहकारों को आवास और मोबाइल फोन की सुविधा भी उपलब्ध करायी जाएगी।

