कोडरमा। पूर्व मध्य रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) के महामंत्री एस.एन.पी. श्रीवास्तव ने रेलवे के मुख्य लोकनिरीक्षक (CLI) एवं कोडरमा के पूर्व प्रभारी स्वर्गीय बी. चम्पिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कोडरमा लॉबी पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, रनिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यूनियन ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
सभा को संबोधित करते हुए ECRKU के महामंत्री एस.एन.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच संबंधित विभाग से अलग किसी सक्षम एवं स्वतंत्र विभाग के अधिकारियों द्वारा कराई जाए, ताकि जांच की निष्पक्षता बनी रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक आरोपित अधिकारी को वर्तमान पद से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग रेलवे प्रशासन के समक्ष रखी जाएगी, ताकि जांच किसी प्रकार से प्रभावित न हो।
यूनियन नेता ने घटना को लेकर क्या कहा
श्रद्धांजलि सभा के दौरान ECRKU के अपर महामंत्री मोहम्मद जियाउद्दीन ने कहा कि उन्हें सूत्रों से जानकारी मिली है कि स्वर्गीय बी. चम्पिया पिछले कुछ दिनों से मानसिक दबाव में ड्यूटी कर रहे थे और इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हुई। हालांकि, इस संबंध में रेलवे प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
रेलवे बोर्ड तक उठाया जाएगा मामला
महामंत्री एस.एन.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि इस मामले को हाजीपुर स्थित महाप्रबंधक कार्यालय, रेलवे बोर्ड तथा AIRF के महासचिव के समक्ष भी उठाया जाएगा। यदि जांच में किसी अधिकारी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी।
आश्रितों को सहायता दिलाने का आश्वासन
यूनियन ने स्वर्गीय बी. चम्पिया के आश्रितों को रेलवे नियमों के अनुसार सभी देय आर्थिक लाभ उपलब्ध कराने तथा उनकी पत्नी को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

