अंडाल (पश्चिम बर्धमान): पश्चिम बर्धमान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के बाकुला एरिया की श्यामसुंदरपुर (चनचनी) कोलियरी में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। करीब 70 वर्ष पुरानी कंक्रीट की विशाल पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में ECL की दो महिला कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ा जानलेवा हादसा टल गया।
सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा, दो कर्मचारी घायल
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे तेज आवाज के साथ पानी की टंकी ढह गई। हादसे में संगीता देवी (50) और प्रभावती भुइयां (50) गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हजार लोगों की जलापूर्ति पर संकट
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी पानी की टंकी से आसपास के करीब एक हजार लोगों को पेयजल की आपूर्ति होती थी। टंकी गिरने के बाद इलाके में पानी की आपूर्ति बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश के बीच इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।
मजदूर संगठनों ने रखरखाव पर उठाए सवाल
घटना के बाद विभिन्न मजदूर संगठनों और ट्रेड यूनियनों ने ECL प्रबंधन पर रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र के कई पुराने भवनों को जर्जर घोषित कर हटाया गया, लेकिन सात दशक पुरानी इस पानी की टंकी की केवल औपचारिक मरम्मत की गई। कई बार चेतावनी देने के बावजूद न तो नई टंकी का निर्माण कराया गया और न ही स्थायी समाधान किया गया।
मजदूर नेताओं ने कहा कि यह केवल दुर्घटना नहीं बल्कि लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा नई पानी की टंकी के निर्माण की मांग की है।
ECL ने क्षेत्र को किया सील, आधिकारिक बयान का इंतजार
हादसे के बाद ECL प्रबंधन ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर दिया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। इस कारण हादसे के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर कई सवाल बने हुए हैं।
Reporter: अतीकुर रहमान, पश्चिम बंगाल (News ANP)

