धनबाद। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार में से तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है। इस उपलब्धि पर झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
ABVP के यश डबास ने अध्यक्ष, रिया छाबड़ी ने सचिव और लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन विजयी रहे।
राज सिन्हा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं
राज सिन्हा ने कहा कि अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह की जीत विद्यार्थियों के विश्वास को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे। शिक्षा, छात्र सुविधाओं और कैंपस से जुड़े मुद्दों के समाधान में उनकी सकारात्मक भूमिका की उम्मीद है।
विधायक ने तीनों विजयी प्रत्याशियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छात्र शक्ति देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हुल्लास दास ने भी दी बधाई
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष हुल्लास दास ने भी ABVP की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने यश डबास, रिया छाबड़ी और लक्ष्य राज सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के बीच संगठन की सक्रियता और छात्रहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे।
छात्रहित के मुद्दों पर काम करने की उम्मीद
विधायक राज सिन्हा के मीडिया प्रतिनिधि पंकज सिन्हा उर्फ कुमार अमित ने भी तीनों विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने ABVP के प्रत्याशियों पर विश्वास जताया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं की आवाज को मजबूती से उठाने और शैक्षणिक तथा छात्रहित से जुड़े विषयों के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने की उम्मीद है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई प्रसन्नता
ABVP की जीत पर बधाई देने वालों में निर्मल प्रधान, बालमुकुंद राम, रंजय सिंह, मनोज गुप्ता, उमेश सिंह, अमित सिंह, मनोज रिंकू, किशोर मंडल, राजकुमार मंडल और शंभू सिंह सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल रहे।

