गौरबाजार में डंपर की टक्कर से टूटे बिजली के तार, कई खंभे गिरे, बिजली आपूर्ति बाधित

गौरबाजार में डंपर की टक्कर से टूटे बिजली के तार, कई खंभे गिरे, बिजली आपूर्ति बाधित

गौरबाजार/दुर्गापुर: दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के गौरबाजार गांव में रविवार देर रात एक 10 चक्का डंपर चालक की लापरवाही के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय निवासी चंदन दास के अनुसार, रविवार देर रात एक डंपर हाइड्रोलिक सिस्टम चालू कर डाला ऊंचा किए हुए सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के तार से डंपर का डाला टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का तार टूट गया और कई बिजली के खंभे एक के बाद एक गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और डंपर के खलासी को पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। बाद में खलासी भी स्थानीय लोगों को धक्का देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए वहां से भाग निकला।सूचना मिलते ही घटनास्थल के समीप ड्यूटी पर तैनात दो सिविक वॉलंटियर मौके पर पहुंचे। इसके बाद लौदोहा-फरीदपुर थाना पुलिस भी वहां पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने संबंधित डंपर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय आइसक्रीम व्यापारी अभिजीत गराई ने बताया कि बिजली बाधित होने के कारण उनके पास रखी लगभग 15 हजार रुपये मूल्य की आइसक्रीम खराब हो गई। उन्होंने वाहन मालिक से नुकसान की भरपाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना देर रात हुई, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। यदि यह घटना दिन के समय होती तो टूटे हुए बिजली के तारों की चपेट में आने से किसी की जान भी जा सकती थी। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *