DU SOL में एडमिशन का मौका, यूजी-पीजी आवेदन शुरू; WhatsApp पर मिलेगी सभी जरूरी जानकारी

DU SOL में एडमिशन का मौका, यूजी-पीजी आवेदन शुरू; WhatsApp पर मिलेगी सभी जरूरी जानकारी

दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (DU SOL) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूजी और पीजी कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र 14 जुलाई रात 11 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस बार DU SOL ने दो नए कोर्स एमबीए (हेल्थकेयर) और बीएससी कंप्यूटर साइंस भी शुरू किए हैं। कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (COL) की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि इन कोर्सों को छात्रों की मांग और बदलती नौकरी की जरूरतों को देखते हुए शुरू किया गया है। उनका कहना है कि इससे छात्रों को ओपन और डिस्टेंस लर्निंग के जरिए रोजगार से जुड़े नए अवसर मिलेंगे।

इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल बनाने के लिए एडमिशन पोर्टल में वाट्सएप एपीआइ को जोड़ा गया है। इसके तहत अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर वाट्सएप के माध्यम से ओटीपी और प्रवेश संबंधी महत्वपूर्ण अपडेट भी प्राप्त होंगे। इससे आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी।

प्रो. मागो ने बताया कि एसओएल के चार व्यावसायिक पाठ्यक्रम एमबीए, मास्टर आफ लाइब्रेरी साइंस (एम. लिब. एससी.), बैचलर आफ लाइब्रेरी साइंस (बी.लिब.एससी.) और पीजीडीएडीएलएम में प्रवेश प्रक्रिया 17 जून से ही जारी है।

इसके अलावा, कैंपस आफ ओपन लर्निंग के ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर (ओएलडीसी) में संचालित विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों के लिए भी आवेदन खुले हैं। अभ्यर्थी जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, इटैलियन, पुर्तगाली, चीनी, जापानी और कोरियाई भाषाओं के एक वर्षीय डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश ले सकते हैं। ये पाठ्यक्रम दिल्ली विश्वविद्यालय के जर्मनिक एंड रोमांस स्टडीज तथा ईस्ट एशियन स्टडीज विभाग के सहयोग से संचालित किए जा रहे हैं।

प्रो. मागो ने बताया कि जल्द ही इन विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों को आनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे देशभर के विद्यार्थी इनका लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *