धनबाद जिला परिषद मैदान में वॉटरफॉल डिज्नीलैंड मेले का उद्घाटन

धनबाद जिला परिषद मैदान में वॉटरफॉल डिज्नीलैंड मेले का उद्घाटन

धनबाद। दुर्गा पूजा के अवसर पर धनबाद शहर के जिला परिषद मैदान में वॉटरफॉल डिज्नीलैंड मेले का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।

इस मौके पर शारदा सिंह ने कहा कि हर साल की तरह इस वर्ष भी दुर्गा पूजा के अवसर पर बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए मेले का आयोजन किया गया है। जिला परिषद मैदान के एक हिस्से में बंगाली समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है, जहां श्रद्धालु दर्शन के साथ मेले का भी आनंद लेते हैं।

बच्चों के लिए वॉटरफॉल बना नया आकर्षण

शारदा सिंह ने बताया कि इस बार मेले में वॉटरफॉल नया आकर्षण है। उन्होंने कहा कि मेले में बच्चों के साथ पूरे परिवार के मनोरंजन का इंतजाम किया गया है। महिलाओं के लिए कपड़े और श्रृंगार सामग्री, जबकि पुरुषों के लिए शर्ट सहित विभिन्न सामानों की दुकानें लगाई गई हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा के दौरान मेले में आएं, मां दुर्गा के दर्शन करें और मेले का आनंद लें।

शारदा सिंह ने दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश

जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि मेले में दूर-दूर से व्यापारी उम्मीद लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने लोगों से स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की। शारदा सिंह ने कहा कि मॉल और ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में छोटे दुकानदारों को भी समर्थन मिलना चाहिए, ताकि उनकी रोजी-रोटी चल सके और त्योहार के मौके पर उनके परिवारों में भी खुशहाली आए।

नित्यानंद मंडल ने मेले में आने की अपील की

मेले के उद्घाटन के मौके पर भाजपा नेता नित्यानंद मंडल ने आयोजकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर यहां मेला लगाया जाता है। इस बार वॉटरफॉल को नया आकर्षण बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि पहले लोग दुर्गा पूजा के दौरान मनोरंजन के लिए बाहर जाते थे, लेकिन अब धनबाद में ही इस तरह की सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। मेले में बच्चों के खिलौनों समेत कई तरह के स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से मेले में पहुंचकर इसका आनंद लेने की अपील की।

आधुनिक झूलों और अलग-अलग राज्यों के स्टॉल का दावा

मेला प्रबंधक रंजीत साव ने बताया कि मेले में हाइड्रोलिक समेत विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि चीन से आधुनिक ‘मिक्सचर झूला’ भी आने वाला है। इसके अलावा मेले में वॉटरफॉल आकर्षण का केंद्र है।

रंजीत साव के अनुसार, मेले में मुंबई, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, असम और बंगाल सहित विभिन्न जगहों के व्यापारी और स्टॉल शामिल हैं। मेदिनीपुर का अचार, मुंबई की ज्वेलरी समेत कई तरह के सामान यहां उपलब्ध होने की बात उन्होंने कही। उन्होंने बताया कि मेला शाम करीब चार बजे से संचालित हो रहा है और आयोजकों के अनुसार यह दिवाली के बाद तक चलेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *