धनबाद: आगामी त्योहारों के दौरान शहर में पेयजलापूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए धनबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पाइपलाइन लीकेज की नियमित निगरानी करने और पेयजल से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया गया। बैठक में लंबित जलापूर्ति योजनाओं को भी तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (DWSD), झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी (JUIDCO) और L&T के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मनोहरटांड़ से डिगवाडीह तक पानी की समस्याओं पर चर्चा
मनोहरटांड़ में पेयजलापूर्ति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर DWSD-1 और JUIDCO को समन्वय के साथ तकनीकी समाधान तलाशने का निर्देश दिया गया। यहां अलग जलापूर्ति कनेक्शन की संभावना पर भी विचार करने को कहा गया।
डिगवाडीह 12 नंबर में पानी की समस्या को प्राथमिकता से दूर करने और वार्ड संख्या 6 के श्यामडीह में अलग पाइपलाइन बिछाने की व्यवहार्यता का अध्ययन करने का निर्देश दिया गया। वहीं, वार्ड संख्या 19 के गद्दी मोहल्ला में जलापूर्ति के लिए आवश्यक डक्ट की व्यवस्था तथा वार्ड संख्या 29 के भूदा में नई जलमीनार के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
वार्ड संख्या 23 में जलापूर्ति की समस्या की भी समीक्षा की गई। इस मामले के लंबित रहने पर नगर आयुक्त ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जलान नगर में अधिक घरों को मिलेगा कनेक्शन
जलान नगर में जलमीनार के चालू होने के बाद अब अधिक से अधिक घरों को जलापूर्ति नेटवर्क से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसके लिए होल्डिंग संबंधी कार्यों और नए जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष शिविर आयोजित करने की बात कही गई।
नगर आयुक्त ने L&T को जलमीनार की टंकी में ग्राउटिंग का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
छह जलमीनारों में चार का काम अब भी लंबित
बैठक में DMFT के तहत स्वीकृत छह जलमीनारों की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें से दो जलमीनारों का निर्माण कार्य शुरू हुआ है, जबकि चार का काम अब तक लंबित है। कार्यपालक अभियंता, DWSD को बाधाओं को दूर कर शेष परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
कतरास में लिलोरी जलमीनार को चालू करने के लिए JUIDCO तकनीकी बाधाओं की पहचान कर आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा। इसके अलावा स्टील गेट, राजा तालाब, मंझलाडीह और भेलाटांड़ में JNNURM के तहत विकसित जलापूर्ति व्यवस्था को मौजूदा नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं पर DWSD, JUIDCO और L&T मिलकर काम करेंगे।
मैथन इंटेक वेल के लिए एक महीने में संसाधन तैनात करने की तैयारी
L&T की ओर से बताया गया कि मैथन के नए इंटेक वेल के सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया गया है। एजेंसी ने आगामी एक महीने के भीतर आवश्यक संसाधन तैनात करने की बात कही।
राजपुरा सहित कुछ परियोजना क्षेत्रों में स्थानीय अवरोधों के कारण काम प्रभावित होने की जानकारी भी बैठक में दी गई। इस पर नगर आयुक्त ने जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
त्योहारों में बाधित न हो जलापूर्ति, लीकेज पर रहेगी नजर
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान मुख्य पाइपलाइन में लीकेज की नियमित निगरानी की जाए। शिकायत मिलते ही मरम्मत सुनिश्चित करने और जलापूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। कार्यपालक अभियंता, DWSD और ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस (O&M) एजेंसी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही DWSD को विभिन्न जलशोधन संयंत्रों से जुड़े नेटवर्क और अलग-अलग जलमीनारों से होने वाली स्वच्छ जलापूर्ति का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया। इससे शहर में वास्तविक जलापूर्ति की स्थिति का आकलन किया जा सकेगा।
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय से लंबित कार्यों, तकनीकी बाधाओं और स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल योजनाओं की प्रगति ही नहीं, बल्कि नागरिकों तक नियमित और सुचारु पेयजल पहुंचाना भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

