धनबाद, 20 नवंबर। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर धनबाद में 22 नवंबर को ‘धनबाद ट्रायथलॉन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं को खेल के माध्यम से फिटनेस और सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार प्रतियोगिता सुबह 7 बजे से 8 लेन स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू होगी।
सड़क सुरक्षा होगी प्रतियोगिता की मुख्य थीम
इस बार ट्रायथलॉन का आयोजन सड़क सुरक्षा की थीम पर किया जा रहा है। इसका मुख्य संदेश ‘सुरक्षित सड़कें, स्वस्थ युवा’ रखा गया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
तीन चरणों में होगी प्रतियोगिता
धनबाद ट्रायथलॉन-2026 को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में प्रतिभागियों को एक राउंड की हर्डल रेस यानी बाधा दौड़ पूरी करनी होगी। दूसरे चरण में सड़क सुरक्षा के नियमों पर आधारित निर्धारित परिधि में साइकिल रेस आयोजित की जाएगी। अंतिम चरण में प्रतिभागियों को एथलेटिक्स के तहत एक राउंड की दौड़ पूरी करनी होगी।
विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार और प्रमाण-पत्र
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रशासन ने धनबाद के आम नागरिकों और युवाओं से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
रजिस्ट्रेशन और जानकारी के लिए इस नंबर पर करें संपर्क
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी पंजीयन और अन्य जानकारी के लिए मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर 9546337728 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने युवाओं से इस आयोजन में भाग लेकर खेल, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है।
