धनबाद। समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में शनिवार को धनबाद पुलिस के सीसीटीएनएस ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने की।
बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव समेत जिले के विभिन्न थाना और ओपी में कार्यरत सभी सीसीटीएनएस ऑपरेटर मौजूद रहे। इस दौरान एसएसपी ने सीसीटीएनएस के माध्यम से संचालित विभिन्न कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।
स्टेशन डायरी और IIF पोर्टल रोजाना अपडेट करने का निर्देश

एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी ऑपरेटरों को पोर्टल पर आंकड़ों और मामलों की इंट्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पुलिसिंग व्यवस्था में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है और सीसीटीएनएस पुलिस कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
उन्होंने सभी थानों की स्टेशन डायरी नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। साथ ही IIF से संबंधित सभी पोर्टल को प्रतिदिन अपडेट करने पर विशेष जोर दिया गया।
एसएसपी ने कहा कि थाना स्तर पर दर्ज होने वाले मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण गतिविधि की इंट्री समय पर होनी चाहिए।
गिरफ्तारी, बरामदगी और चार्जशीट की इंट्री में नहीं हो देरी
बैठक में दर्ज कांड, गिरफ्तारी या सरेंडर, बरामदगी एवं जब्ती, चार्जशीट, अंतिम प्रतिवेदन, यूडी केस और गुमशुदगी समेत IIF के तहत आने वाले अन्य आवश्यक विवरणों को समय पर अपडेट करने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी मामले में कार्रवाई होने के बाद उसकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और सीसीटीएनएस पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के बीच किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए। इसकी जिम्मेदारी संबंधित सीसीटीएनएस ऑपरेटरों की होगी।
चरित्र प्रमाण पत्र और पासपोर्ट सत्यापन मामलों पर विशेष जोर
बैठक के दौरान चरित्र प्रमाण पत्र और पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिया कि इन मामलों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन किया जाए।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी होने के बाद उसकी जानकारी संबंधित पोर्टल पर भी समय पर अपलोड की जानी चाहिए। सत्यापन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
ऑनलाइन शिकायतों पर कार्रवाई और लंबित इंट्री प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश
एसएसपी प्रभात कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत को पोर्टल पर दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है।
प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उसका समय पर निष्पादन किया जाए और कार्रवाई से संबंधित विवरण पोर्टल पर अपडेट किया जाए।
एसएसपी ने कहा कि सीसीटीएनएस पर सही और समय पर उपलब्ध जानकारी पुलिस की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के साथ मामलों की निगरानी, अनुसंधान की समीक्षा और पुलिसिंग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बैठक के अंत में सभी ऑपरेटरों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों से संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने और लंबित इंट्री को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। एसएसपी ने बेहतर कार्य करने वाले सीसीटीएनएस ऑपरेटरों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की।

