धनबाद की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, शिक्षा-स्वास्थ्य और रोजगार पर बनी विकास की योजना

धनबाद की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, शिक्षा-स्वास्थ्य और रोजगार पर बनी विकास की योजना

धनबाद, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर धनबाद जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ‘सबकी योजना सबका विकास’ अभियान के तहत हुई इन सभाओं में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पंचायतों के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी गई।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर आयोजित ग्राम सभाओं में प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करना है।

आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों की सुविधाएं होंगी बेहतर

विशेष ग्राम सभा में आंगनवाड़ी केंद्रों में सुरक्षित पेयजल, बिजली, चहारदीवारी और जरूरी मरम्मत कार्य कराने के प्रस्ताव पारित किए गए। जर्जर भवनों को चरणबद्ध तरीके से मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने तथा भवनहीन केंद्रों के लिए नए भवन बनाने की योजना भी शामिल है। बच्चों और धात्री माताओं के पोषण एवं विकास के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

सरकारी विद्यालयों में नए भवन, अतिरिक्त कक्ष, चहारदीवारी और किचन शेड बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही डिजिटल और आईसीटी उपकरण, स्मार्ट शिक्षण संसाधन, खेल सामग्री, पुस्तकालय, आरओ वाटर कूलर तथा सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराकर विद्यालयों को ई-स्मार्ट मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई।

महिलाओं के स्वरोजगार और किसानों की आय पर जोर

महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के रोजगार और आय बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके तहत समूहों के लिए वर्किंग शेड, मशीनरी और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने, कौशल विकास प्रशिक्षण देने तथा उनके उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार से जोड़ने की व्यवस्था करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने पर भी सहमति बनी। वर्षा पर निर्भरता कम करने के लिए नदियों, तालाबों और नालों से खेतों तक पानी पहुंचाने हेतु पंप, पाइपलाइन और बिजली से संचालित लिफ्ट सिंचाई योजनाएं स्थापित करने की योजना है। इससे किसानों को सिंचाई के वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

हर घर तक पेयजल और युवाओं के लिए पुस्तकालय

ग्राम सभाओं में सभी टोलों और मोहल्लों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए सौर ऊर्जा आधारित ईएसआर और पाइपलाइन जलापूर्ति व्यवस्था का विस्तार करने का प्रस्ताव रखा गया। पुरानी जलापूर्ति संरचनाओं के जीर्णोद्धार पर भी जोर दिया गया।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन कक्ष एवं पुस्तकालय स्थापित करने की योजना बनाई गई। इन पुस्तकालयों में पुस्तकें, समाचार पत्र, कंप्यूटर, इंटरनेट और आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

हाट-बाजार, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे का होगा विकास

किसानों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से व्यवस्थित हाट-बाजार विकसित करने पर सहमति बनी। प्रस्तावित बाजारों में शेड, स्टॉल, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

इसके अलावा जल संरक्षण, तालाबों के जीर्णोद्धार, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, कौशल विकास केंद्र स्थापित करने और सड़क संपर्क बेहतर बनाने से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए गए। सरकारी परिसरों की सुरक्षा तथा विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास के लिए आयु के अनुरूप शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

चरणबद्ध तरीके से लागू होंगी विकास योजनाएं

विशेष ग्राम सभाओं में उपस्थित सदस्यों ने प्रस्तावित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से लागू करने का संकल्प लिया। उद्देश्य पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करना है।

इन ग्राम सभाओं में संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक मो. तौहिद आलम, पंचायतों के वीएलई, जल सहिया, आंगनवाड़ी सेविका, जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाएं तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *