धनबाद में SIR की समीक्षा, नवंबर तक जारी होगी अंतिम मतदाता सूची; जानें क्या हुआ फैसला

धनबाद में SIR की समीक्षा, नवंबर तक जारी होगी अंतिम मतदाता सूची; जानें क्या हुआ फैसला

धनबाद। जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग, विजय कुमार गुप्ता ने की।

बैठक में धनबाद और सिंदरी के विधायक, अनुमंडल दंडाधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान SIR प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं, दावों-आपत्तियों और उनके निष्पादन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

दावा-आपत्ति की प्रक्रिया और प्रमाण पत्रों पर चर्चा

विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि बैठक का उद्देश्य SIR प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करना और सामने आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दावा-आपत्ति दर्ज कराने की समय-सीमा बढ़ाने तथा आवश्यक प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव दिया। इसके अलावा आवासीय और जाति प्रमाण पत्र बनवाने में लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया।

बैठक में SIR को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वार्ड स्तर पर कैंप लगाने का सुझाव भी दिया गया।

पात्र मतदाताओं के नाम नहीं कटने पर जोर

बैठक के दौरान सीमावर्ती राज्यों से विवाह के बाद धनबाद आई महिलाओं, स्थानीय खटालों में रहने वाले लोगों और नेपाली समुदाय के नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने से संबंधित विषय भी उठाए गए।

प्रतिनिधियों ने मांग की कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे। प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी संबंधित सुझावों को गंभीरता से लेने और नियमानुसार समाधान का आश्वासन दिया।

उन्होंने राजनीतिक दलों से इन बिंदुओं पर अपने लिखित सुझाव देने का अनुरोध किया, ताकि उन्हें निर्वाचन आयोग को भेजा जा सके।

BLO को घर-घर सत्यापन के निर्देश

दावा-आपत्ति के निष्पादन के लिए आवश्यकतानुसार BLO को नोटिस तामील कराने और घर-घर जाकर सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमंडलीय आयुक्त ने बताया कि दावा-आपत्ति की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्रथम और द्वितीय सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद नवंबर महीने तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किए जाने की बात कही गई।

SIR प्रक्रिया को सरल बनाने के सुझाव

बैठक में पेंशन प्रमाण पत्र को मान्यता देने, SIR की प्रक्रिया को सरल बनाने और आवासीय प्रमाण पत्र जारी करने के लिए प्रत्येक प्रखंड में कम से कम तीन व्यक्तियों की प्रतिनियुक्ति करने जैसे सुझाव भी सामने आए।

विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य त्रुटिरहित, पारदर्शी और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने कहा कि बैठक में मिले सुझावों और आपत्तियों का नियमानुसार समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में धनबाद विधायक राज सिन्हा, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *