धनबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026 के तहत धनबाद जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 10 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय ‘मेगा हेल्प डेस्क कैंप’ आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लंबित मतदाता संबंधी कार्यों का शीघ्र निष्पादन करना और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में सहायता देना है।
सभी मतदान केंद्रों पर होगा मेगा कैंप
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार 10 अक्टूबर को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ तथा बीएलए-2 की चौथी बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही ‘चुनाव पाठशाला’ भी होगी।
कैंप के दौरान मतदाता सूची से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
नोटिस पाने वाले मतदाताओं को मिलेगा मार्गदर्शन
SIR-2026 के दौरान ‘नो मैपिंग’ या अन्य विसंगतियों के कारण जिन पात्र मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया था और जिन्होंने अब तक संबंधित दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, उन्हें कैंप में दस्तावेज सत्यापन और आगे की प्रक्रिया पूरी करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इसके अलावा ऐसे मतदाताओं की अलग सूची भी तैयार की जाएगी, जिनके पास अपने या माता-पिता के जन्म स्थान से संबंधित जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।
18 साल से अधिक युवाओं का जुड़ेगा नाम
मेगा हेल्प डेस्क कैंप में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे युवाओं से प्रपत्र-6 भरवाया जाएगा, जो अभी तक मतदाता नहीं बने हैं। इसके माध्यम से उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे प्रवासी नागरिक, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, उनसे भी प्रपत्र-6 प्राप्त कर नाम दर्ज करने की प्रक्रिया की जाएगी।
नाम-पता सुधार के लिए मिलेगा प्रपत्र-8
मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में सुधार कराने के लिए कैंप में प्रपत्र-8 प्राप्त किए जाएंगे। इसके अलावा त्रुटियों के कारण जारी किए गए नोटिस के निराकरण की प्रक्रिया में भी मतदाताओं को सहायता दी जाएगी।
इस तरह कैंप में नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ-साथ मौजूदा मतदाता सूची में सुधार और लंबित मामलों के निष्पादन पर भी फोकस रहेगा।
मतदाताओं से कैंप का लाभ उठाने की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजरों और बीएलओ को शिविर को प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने का निर्देश दिया है।
उन्होंने आम नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि वे 10 अक्टूबर 2026 को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मेगा हेल्प डेस्क कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

