धनबाद-सिंदरी में SIR की जांच, प्रमंडलीय आयुक्त ने कई मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

धनबाद-सिंदरी में SIR की जांच, प्रमंडलीय आयुक्त ने कई मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

धनबाद। मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-प्रमंडलीय आयुक्त (उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग) विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को धनबाद जिले के सिंदरी और धनबाद विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चल रही मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR-2026) प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण का उद्देश्य मतदान केंद्रों पर पुनरीक्षण कार्य की वास्तविक स्थिति को समझना और प्रक्रिया से जुड़े मामलों की समीक्षा करना था।

सिंदरी और धनबाद के कई बूथों का किया दौरा

प्रमंडलीय आयुक्त ने सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के पंचायत सचिवालय, दमकाड़ा बरवा स्थित बूथ संख्या 59 और 60 का निरीक्षण किया।

इसके बाद धनबाद विधानसभा क्षेत्र के पुराने समाहरणालय भवन स्थित बूथ संख्या 112, 113, 114 और 115 तथा माडा कार्यालय भवन स्थित बूथ संख्या 180 और 181 का भी भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से SIR प्रक्रिया की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

BLO और मतदाताओं से किया सीधा संवाद

विजय कुमार गुप्ता ने BLO और स्थानीय मतदाताओं से बातचीत कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने विशेष रूप से दावा एवं आपत्तियों की सुनवाई, फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों और अनमैप्ड मतदाताओं को जारी किए गए नोटिस समेत अन्य संबंधित मामलों की जानकारी ली।

दावा एवं आपत्तियों की सुनवाई में पहुंचे आम लोगों से भी उन्होंने संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का नियमानुसार और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पारदर्शी और निष्पक्ष सुनवाई के निर्देश

प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR-2026 के तहत दावा एवं आपत्तियों से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई पारदर्शी, निष्पक्ष और सुलभ तरीके से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा। साथ ही पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *