धनबाद के सरकारी स्कूलों में गूंजी दिशोम गुरु शिबू सोरेन की संघर्ष गाथा, विद्यार्थियों ने पढ़ी जीवनी

धनबाद के सरकारी स्कूलों में गूंजी दिशोम गुरु शिबू सोरेन की संघर्ष गाथा, विद्यार्थियों ने पढ़ी जीवनी

धनबाद। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की संघर्षपूर्ण एवं प्रेरणादायक जीवनी का पाठ किया। राज्य सरकार के ‘झारखंड जीवन गाथा’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को झारखंड के इतिहास, राज्य निर्माण में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों और उनके जीवन मूल्यों से परिचित कराना है।

सभी सरकारी विद्यालयों में हुआ जीवनी पाठ

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले के सभी प्राथमिक, मध्य, उच्च और प्लस टू विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों ने स्व. शिबू सोरेन के जीवन परिचय और संघर्ष गाथा का सस्वर वाचन किया। जिले के सभी प्रखंडों के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

झारखंड निर्माण में योगदान को किया याद

जीवनी पाठ के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने झारखंड राज्य के निर्माण में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान को याद किया। उनके सामाजिक न्याय के आंदोलनों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों पर भी चर्चा की गई। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि राज्य के निर्माण और समाज में बदलाव के लिए संघर्ष, समर्पण और नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

शिक्षकों ने जीवन से प्रेरणा लेने का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष से सीख लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से समाज और राज्य के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने राज्य के इतिहास और उसके निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के बारे में जानने का अवसर मिला।

आगे भी होंगी शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियां

जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने बताया कि झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आगामी दिनों में भी जिले के विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड की विरासत, इतिहास और महापुरुषों के योगदान से लगातार परिचित कराया जाएगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि नई पीढ़ी अपने राज्य के गौरवशाली इतिहास और उसके निर्माण की यात्रा को समझ सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *