पेड़ से गिरकर घायल हुए सुरेंद्र मरांडी से मिले कांग्रेस जिलाध्यक्ष, ग्रामीणों ने बताई पेंशन की समस्या

पेड़ से गिरकर घायल हुए सुरेंद्र मरांडी से मिले कांग्रेस जिलाध्यक्ष, ग्रामीणों ने बताई पेंशन की समस्या

धनबाद। गोविंदपुर प्रखंड की बिराजपुर पंचायत के कोनारटांड़ आदिवासी टोला निवासी और कांग्रेस के BLA-2 सुरेंद्र कुमार मरांडी के घायल होने की जानकारी मिलने पर धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह उनके गांव पहुंचे। सुरेंद्र मरांडी के पेड़ से गिरने के बाद रीढ़ की हड्डी में चोट लगने की जानकारी दी गई थी।

जिलाध्यक्ष ने सुरेंद्र कुमार मरांडी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से भी इलाज और उनकी मौजूदा स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान संतोष सिंह ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और कठिन समय में कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने सुरेंद्र मरांडी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

ग्रामीणों ने छह माह से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की

सुरेंद्र मरांडी से मुलाकात के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को कांग्रेस जिलाध्यक्ष के सामने रखा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लाभुकों को करीब छह महीने से सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से पेंशन नहीं मिलने के कारण जरूरतमंद लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाने की मांग की।

‘पेंशन मेहरबानी नहीं, जरूरतमंदों का अधिकार’

ग्रामीणों की शिकायत पर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन किसी तरह की मेहरबानी नहीं, बल्कि उनका अधिकार है। उन्होंने करीब छह महीने से पेंशन भुगतान नहीं होने को गंभीर चिंता का विषय बताया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने जरूरतमंद लाभुकों को जल्द पेंशन भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में रहने वाले बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह प्रशासन और सरकार की जिम्मेदारी है।

इलाज में हरसंभव सहयोग का भरोसा

संतोष सिंह ने सुरेंद्र कुमार मरांडी के इलाज को लेकर भी सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कतरास के डॉ. उमाशंकर सिंह से फोन पर बात कर घायल कांग्रेस BLA-2 सुरेंद्र मरांडी की आर्थिक स्थिति को देखते हुए हरसंभव सहयोग करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि जरूरत के समय संगठन अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहेगा। कांग्रेस की ओर से सुरेंद्र मरांडी और उनके परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।

ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी

मौके पर गोविंदपुर प्रखंड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मनोज कुमार हाड़ी, जिला सचिव रविंद्र नाथ चौधरी, पंचायत अध्यक्ष महेन्द्र महतो, कार्तिक महतो, मधुसूदन पंडित, बिनोद कुम्हार, निरंजन तुरी, अघनू रजवार, निर्मल रजवार, टुप्ली देवी, रुक्मणि देवी, रश्मुनि देवी, सुन्दरी देवी, पांचू सहित स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण और सुरेंद्र कुमार मरांडी के परिजन मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *