धनबाद: धनबाद जिला संवेदक संघ ने लंबित भुगतान रोके जाने और रॉयल्टी चालान से जुड़े नए प्रावधानों के विरोध में आंदोलन की घोषणा की है। गुरुवार को लूबी सर्कुलर रोड स्थित उत्सव भवन में आयोजित बैठक में संघ ने 13 जुलाई को कंबाइंड बिल्डिंग से रणधीर वर्मा चौक तक पैदल मार्च और धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
बैठक में भुगतान रोकने के मुद्दे पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि खनन सचिव द्वारा जारी पत्र के बाद जिले के संवेदकों के लंबित भुगतान पर रोक लगा दी गई है। इस फैसले को लेकर संवेदकों ने चिंता जताई और कहा कि इससे निर्माण कार्यों के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
रॉयल्टी चालान के नए नियमों पर उठाए सवाल
संघ के अध्यक्ष आकाश रवानी ने कहा कि संवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर रॉयल्टी चालान जमा करने का निर्देश दिया गया है। उनका आरोप है कि पहले विलंब होने पर दोगुना जुर्माना लिया जाता था, जबकि अब 10 गुना तक अधिक जुर्माना लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई मामलों में चालान जमा करने की कोशिश के बावजूद उसे स्वीकार नहीं किया जा रहा है।
संवेदकों ने आर्थिक संकट का जताया मुद्दा
आकाश रवानी ने कहा कि भुगतान रुकने से जिले के संवेदकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से व्यवस्था की समीक्षा कर लंबित भुगतान जल्द जारी करने और संवेदकों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
बैठक में मौजूद संवेदक डब्लू. झा ने आरोप लगाया कि संवेदकों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है और एकतरफा नियम लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और संबंधित विभाग उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेते हैं, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा।
13 जुलाई को प्रस्तावित पैदल मार्च और धरना के माध्यम से संवेदक अपनी मांगों को प्रशासन और सरकार के समक्ष रखने का प्रयास करेंगे।

