धनबाद: रिंग रोड जमीन अधिग्रहण मुआवजा घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। करीब एक दशक पुराने इस मामले में एसीबी की टीम ने अप्राथमिकी अभियुक्त जय निवास पांडेय उर्फ शास्त्री को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पकड़ा। गुरुवार को धनबाद की अदालत में पेशी के बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। इनमें तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भी शामिल हैं।
वर्ष 2016 में सामने आया था मुआवजा घोटाला
धनबाद रिंग रोड जमीन अधिग्रहण मुआवजा घोटाले का मामला वर्ष 2016 में सामने आया था। आरोप है कि जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये का मुआवजा निकालने की साजिश रची गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान एसीबी के सामने जय निवास पांडेय की कथित भूमिका भी आई। एजेंसी के मुताबिक, उन पर फर्जी डीड के आधार पर करीब 15 करोड़ रुपये अपने और परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराने का आरोप है। जांच में उनकी पत्नी के नाम पर भी करोड़ों रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है।
जमीन की डीड में हेरफेर कर मुआवजा लेने का आरोप
जांच एजेंसी के अनुसार, धनबाद के मौजा संख्या-51, खाता संख्या-121 और प्लॉट संख्या-1630 की जमीन से जुड़ा दस्तावेजी फर्जीवाड़ा इस मामले का अहम हिस्सा है। निगरानी विभाग के मुताबिक, इस जमीन पर नरसिंह दास ने 21 अक्टूबर 1970 की डीड संख्या-25560 के आधार पर अपना दावा किया था।
आरोप है कि कथित तौर पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे 6 करोड़ 32 लाख 13 हजार 585 रुपये 99 पैसे का मुआवजा हासिल किया गया। जिला अवर निबंधक कार्यालय के रिकॉर्ड के अनुसार, मूल डीड बंगला लिपि में हराधन महतो और अन्य लोगों के नाम पर दर्ज थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि इसी दस्तावेज को अंग्रेजी में तैयार कर मुआवजा हासिल करने के लिए इस्तेमाल किया गया।
परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में
इस मामले में जय निवास पांडेय के बड़े भाई विश्वनाथ शर्मा और नरसिंह दास की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। जांच एजेंसी का दावा है कि सरकारी मुआवजे की करोड़ों रुपये की रकम हासिल करने में इनकी भी भूमिका रही है। एसीबी इस पूरे मामले में दस्तावेजों और कथित वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
जय निवास पांडेय ने आरोपों को बताया साजिश
गिरफ्तारी के बाद जय निवास पांडेय ने खुद को निर्दोष बताया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश करार देते हुए कहा कि उन्हें बेवजह इस मामले में फंसाया गया है। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि न्याय पाने के लिए निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
आरोपी की ओर से मामले के शिकायतकर्ता भाजपा नेता रमेश राही पर भी साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता विकास भुआणिया ने भी अपना पक्ष रखा। फिलहाल, धनबाद रिंग रोड मुआवजा घोटाले में एसीबी की जांच जारी है। वाराणसी से हुई इस गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की जांच और संभावित खुलासों पर नजर बनी हुई है। सरकारी खजाने से निकाली गई कथित मुआवजा राशि और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर जांच एजेंसी की अगली कार्रवाई अहम होगी।

