धनबाद, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर धनबाद विधायक एवं झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा ने शहर में स्वच्छता अभियान चलाया। ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न स्थानों पर स्थापित महापुरुषों और अमर शहीदों की प्रतिमाओं तथा उनके आसपास के स्थलों की साफ-सफाई की। इसके बाद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अभियान की शुरुआत बरटांड़ मंडल के सिटी सेंटर चौक से हुई। यहां राज सिन्हा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं को स्वयं साफ किया और पुष्प अर्पित किए। इसके बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थापित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के पास भी सफाई अभियान चलाया गया।
सिटी सेंटर चौक पर गांधी और शास्त्री को दी श्रद्धांजलि
गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सिटी सेंटर चौक स्थित दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की गई। विधायक राज सिन्हा ने प्रतिमाओं को धो-पोंछकर स्वच्छ किया और माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल धातु या पत्थर से बनी संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि वे देश के इतिहास, राष्ट्रीय चेतना और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक हैं। उनकी स्वच्छता और सम्मान के जरिए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
धनबाद के अलग-अलग इलाकों में चला अभियान
सिटी सेंटर चौक के बाद विधायक और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थापित महापुरुषों और अमर शहीदों की प्रतिमाओं तथा उनके स्थलों की सफाई की। इनमें स्वामी विवेकानंद, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, चंद्रशेखर आजाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर, बिनोद बिहारी महतो और सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाएं शामिल थीं।

इसके अलावा बैंक मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा और लोकनायक जयप्रकाश नारायण, हीरापुर हटिया के स्वामी विवेकानंद और अमर शहीद हीरा झा, जेसी मल्लिक मोड़ के सरदार वल्लभभाई पटेल तथा सरायढेला के वीर कुंवर सिंह की प्रतिमाओं की भी साफ-सफाई की गई।
अभियान के तहत जगजीवन नगर में भगत सिंह, अमृत पार्क में भारत माता और गुरु रवींद्रनाथ टैगोर, जबकि गोल बिल्डिंग चौक के पास तिलका मांझी और महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं के स्थलों की सफाई कर माल्यार्पण किया गया।
सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के सफर से प्रेरणा लेकर ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्वच्छता उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति के प्रति श्रद्धांजलि है। स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
राज सिन्हा ने कहा कि स्वच्छ, सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए सेवा और समर्पण से जुड़े कार्यक्रम जारी रहेंगे।
कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
इस अभियान में हुल्लास दास, राजाराम दत्ता, पार्षद अशोक पाल, जगबंधु मंडल, संतोष सिंह, पंकज सिन्हा उर्फ कुमार अमित, राणा सिंह, संजीत सिंह, डीके सिंह, मुकेश सिंह, कमल मनोज सिंह, निर्मल प्रधान, धर्मजीत चौधरी, अमित सिंह, अजय मालाकार, बृजनंदन शर्मा, उमेश सिंह, मनोज, रिंकू, डिम्पु लाला, अभिषेक और कुंदन दास सहित कई कार्यकर्ता और गणमान्य लोग शामिल हुए।

