मुहर्रम में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, अफवाह फैलाने वालों को DC-SSP की चेतावनी

मुहर्रम में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, अफवाह फैलाने वालों को DC-SSP की चेतावनी

धनबाद: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट कहा कि मुहर्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि यदि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका हो तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दें तथा युवाओं की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें।

उपद्रवियों से सख्ती से निपटेगा प्रशासन: एसएसपी

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने शांति समिति के सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी शरारती तत्व को गलती से भी माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने की शांति बनाए रखने की अपील

बैठक में मौजूद टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि धनबाद में सभी समुदाय वर्षों से भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाते आए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस बार भी मुहर्रम को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मनाया जाए।

शांति समिति ने दिए कई महत्वपूर्ण सुझाव

बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने कई सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। इनमें प्रमुख रूप से—

  • डीजे पर प्रतिबंध लगाने की मांग।
  • खतरनाक करतबों और खेलों के प्रदर्शन पर रोक।
  • जुलूस के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण।
  • पर्व को सादगी के साथ मनाने की अपील।
  • बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू कराने की मांग।
  • अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई।
  • स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव।
  • पेयजल व्यवस्था को सुचारू रखने की मांग।

कई अधिकारी और शांति समिति के सदस्य रहे मौजूद

बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय, विभिन्न अनुमंडलों के पुलिस पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *