धनबाद में आकार ले रहा अंडमान-निकोबार का ‘आदिवासी शीश महल’, 32 लाख में बन रहा इको-फ्रेंडली पंडाल

धनबाद में आकार ले रहा अंडमान-निकोबार का ‘आदिवासी शीश महल’, 32 लाख में बन रहा इको-फ्रेंडली पंडाल

धनबाद। कोयलांचल धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हीरापुर स्थित सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति, झारखंड मैदान इस बार श्रद्धालुओं के लिए अलग थीम पर पंडाल तैयार कर रही है। समिति के अनुसार, इस वर्ष झारखंड मैदान में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के ‘आदिवासी शीश महल’ की थीम को पंडाल के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पूजा समिति के मुताबिक, पूरे आयोजन, पंडाल, मां दुर्गा की प्रतिमा और विद्युत सज्जा पर करीब 32 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पंडाल और प्रतिमा निर्माण का काम पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर-कांथी से आए कारीगर कर रहे हैं।

प्राकृतिक सामग्री से तैयार हो रहा पंडाल

इस बार पूजा समिति ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पंडाल और प्रतिमा को इको-फ्रेंडली रखने का निर्णय लिया है। निर्माण में प्लास्टिक और थर्मोकोल का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।

पंडाल और प्रतिमा के निर्माण में बांस, बांस के छिलके, बिचाली, नारियल के छिलके, हुगला पत्ते और बैंगन के सूखे फूल जैसी प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पंडाल को पारंपरिक रूप देने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की कोशिश की गई है।

23 तारीख को निकलेगी भव्य विसर्जन शोभायात्रा

पूजा समिति ने विसर्जन शोभायात्रा को लेकर भी विशेष तैयारियां की हैं। समिति के अनुसार, 23 तारीख की सुबह 10 बजे झारखंड मैदान से भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।

शोभायात्रा में नागपुर का महिला ढोलक मम्मे ढोल सेट, बनारस का रास-नृत्य एवं विशेष नृत्य दल और बंगाल का छाऊ लोक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा स्कूटी पर विशेष झांकियां तथा हाथी और घोड़े भी शोभायात्रा में शामिल होंगे।

शोभायात्रा की अग्रिम पंक्ति में 20 महिलाएं पारंपरिक चंवर, 20 महिलाएं शंख और 20 महिलाएं माता की तलवार व छत्र धारण कर चलेंगी। उनके साथ श्रीराम सेना के सदस्य भी रहेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और निकासी की व्यवस्था

दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए समिति ने यातायात और पार्किंग को लेकर भी व्यवस्था की है।

गोविंदपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु रणधीर वर्मा चौक, प्रेस क्लब के पास से होते हुए झारखंड मैदान पहुंच सकते हैं। वहीं झरिया और मनेटांड़ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बरमसिया पुल, वासन वाटिका और डीएस कॉलोनी की ओर से आने की व्यवस्था बताई गई है।

वाहनों की पार्किंग के लिए वासन वाटिका और डीएस कॉलोनी में अधिकृत पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं के लिए पंपू तालाब और मजार होते हुए डीआरएम चौक की ओर निकासी मार्ग रखा गया है।

समिति ने धनबादवासियों को दिया निमंत्रण

सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति के मीडिया प्रभारी विकास साव ने धनबादवासियों और श्रद्धालुओं को सपरिवार इस दुर्गा पूजा महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

समिति के अनुसार, इस बार पंडाल की थीम, प्राकृतिक सामग्री से निर्माण और भव्य विसर्जन शोभायात्रा को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि झारखंड मैदान की यह प्रस्तुति दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *