धनबाद: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में धनबाद थाना परिसर में पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने की।
बैठक में पूजा समितियों के आयोजकों की समस्याएं सुनी गईं। साथ ही पूजा और विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा और जुलूस के रूट को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान सबसे बड़ी चुनौती ट्रैफिक प्रबंधन की रहती है।
आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थलों, पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की जाएगी। पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
DJ और तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर पर सख्ती
बैठक के दौरान डीजे और तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर को लेकर भी पुलिस ने स्पष्ट रुख अपनाया। थाना प्रभारी ने कहा कि पूजा और विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
सभी पूजा समितियों को इस नियम का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए समितियों से सहमति पत्र भी लिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली समितियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन रूट और पार्किंग पर भी चर्चा
विसर्जन जुलूस को व्यवस्थित रखने के लिए बैठक में रूट चार्ट पर भी विस्तृत चर्चा हुई। पूजा समितियों से जुलूस के प्रारंभ होने वाले स्थान, विभिन्न मोहल्लों से गुजरने वाले मार्ग और विसर्जन स्थल तक जाने वाले रास्ते की जानकारी ली गई।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा और सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए आसपास पार्किंग स्थल भी चिन्हित किए जा रहे हैं।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों और डार्क स्पॉट्स पर नियमित पुलिस गश्त जारी है। दुर्गा पूजा के दौरान संकीर्ण गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में त्वरित पुलिस सहायता पहुंचाने के लिए विशेष बाइक पेट्रोलिंग दस्ता तैनात किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है।

