Dhanbad Cricket News: चैंपियंस लीग से शुरू होगा डीसीए का नया सत्र, 22 नवंबर तक टीमों का रजिस्ट्रेशन

Dhanbad Cricket News: चैंपियंस लीग से शुरू होगा डीसीए का नया सत्र, 22 नवंबर तक टीमों का रजिस्ट्रेशन

धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के नए क्रिकेट सत्र की शुरुआत चैंपियंस लीग सीनियर टूर्नामेंट से होगी। मंगलवार को रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में आयोजित प्रबंध समिति की बैठक में इसकी घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने की। उन्होंने बताया कि पिछले सत्र में बारिश के कारण चैंपियंस लीग का आयोजन नहीं हो सका था। अब महापर्व छठ के बाद इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

22 नवंबर तक जमा होंगे टीम रजिस्ट्रेशन फॉर्म

नए सत्र को लेकर बैठक में सुपर डिवीजन एलीट, सुपर डिवीजन प्लेट और ए डिवीजन की टीमों के रजिस्ट्रेशन पर चर्चा हुई। इन टीमों के रजिस्ट्रेशन फॉर्म 22 नवंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। वहीं, 24 से 30 नवंबर तक खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। संघ ने नए सत्र की तैयारियों को लेकर टीमों और खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिया निर्धारित कर दी है।

चयन ट्रायल का शुल्क दोबारा नहीं देना होगा

बैठक में खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन शुल्क को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय स्पष्ट किया गया। डीसीए के अनुसार, जो खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों के चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए पहले ही रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कर चुके हैं, उन्हें दोबारा यह शुल्क नहीं देना होगा।

इसके अलावा एक टीम से राज्य के बाहर के अधिकतम तीन खिलाड़ी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। हालांकि, ऐसे खिलाड़ियों को जिला टीम में चयनित नहीं किया जा सकेगा। इस नियम को लेकर बैठक में स्थिति स्पष्ट कर दी गई।

अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 के टूर्नामेंट होंगे आयोजित

नए सत्र में अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्ग के लिए तीन टूर्नामेंट आयोजित करने की घोषणा भी की गई। प्रत्येक टूर्नामेंट में 12-12 टीमें हिस्सा लेंगी। बैठक में इन प्रतियोगिताओं के प्रारूप पर भी चर्चा हुई।

वहीं, स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर स्कूल टूर्नामेंट कमेटी की बैठक 23 नवंबर को होगी। इस बैठक के बाद स्कूल टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की घोषणा की जाएगी।

प्रायोजकों को जोड़ने पर भी हुआ विचार-विमर्श

बैठक में विभिन्न टूर्नामेंटों के आयोजन के लिए प्रायोजकों को जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें आमंत्रित फाइनांस कमेटी और चयन समिति के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।

इस दौरान डीसीए के नवनियुक्त सहायक सचिव रामजी यादव का पदाधिकारियों ने स्वागत किया। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके मनोनयन से मुगमा और निरसा क्षेत्र में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में डीसीए महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रविजीत सिंह डांग, शांतनु चौधरी, जावेद खान, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संयुक्त सचिव बीएच खान, सहायक सचिव रत्नेश कुमार सिंह और अभिजीत घोष उपस्थित थे। कार्यकारिणी सदस्यों में द्वारिका तिवारी, सुधीर पांडेय, डॉ. राजशेखर सिंह, सुनील कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह और शिव शक्ति प्रसाद शामिल रहे। विशेष आमंत्रित सदस्यों में जेएससीए कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास और अशोक चौरसिया के अलावा चयनकर्ता मनीष वर्धन, अमीर हाशमी और अभिषेक मोइत्रा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *