Constitution Day 2026: धनबाद समाहरणालय में अधिकारियों और कर्मियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का वाचन

Constitution Day 2026: धनबाद समाहरणालय में अधिकारियों और कर्मियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का वाचन

धनबाद: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को धनबाद समाहरणालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों और समाहरणालय के कर्मियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान संविधान के मूल उद्देश्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर जोर दिया गया।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का पाठ

कार्यक्रम में समाहरणालय के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, प्रधान सहायक और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर उसके मूल आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजन का उद्देश्य संविधान में निहित विचारों और सिद्धांतों को याद करना तथा उन्हें अपने व्यवहार में अपनाने का संदेश देना रहा।

मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी जरूरी

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान सभा के सदस्यों ने जिस परिकल्पना के साथ संविधान के निर्माण में योगदान दिया था, उसके मूल मंत्र को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने भारतीय संविधान में उल्लेखित मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि संविधान के मूल उद्देश्यों का बार-बार पाठ करने से उसके सिद्धांतों को व्यवहार और रोजमर्रा की दिनचर्या में अपनाने की प्रेरणा मिलती है। नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने दायित्वों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए।

संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प

कालीदास मुंडा ने सभी से मिलकर अपने मौलिक दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करने के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके मूल आदर्शों को केवल पढ़ना ही नहीं, बल्कि अपने आचरण में भी उतारना जरूरी है।

कार्यक्रम में समाहरणालय के विभिन्न विभागों के प्रधान सहायक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *