धनबाद, 25 सितंबर 2026। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर शुक्रवार को धनबाद शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की। इस दौरान पनीर, घी और खोवा समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कार्रवाई के दौरान गौतम डेयरी को सील कर दिया गया, जबकि वहां से 48 किलोग्राम संदिग्ध पनीर समेत अन्य सामग्री जब्त की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने धनबाद शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई दुकानों से पनीर के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को रासायनिक परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध पाए गए पनीर और अन्य खाद्य उत्पादों को मौके पर ही जब्त किया गया।
गौतम डेयरी से 48 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, दुकान सील
निरीक्षण दल जब स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी पहुंचा तो प्रतिष्ठान का संचालक दुकान छोड़कर फरार हो गया। जांच के दौरान दुकान का एफएसएसएआई लाइसेंस भी एक्सपायर्ड पाया गया।
टीम ने प्रतिष्ठान से 48 किलोग्राम संदिग्ध पनीर, 2 किलोग्राम घी और खोवा जब्त किया। जिला प्रशासन के अनुसार, भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने और संचालक के मौके से फरार होने के कारण दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने जब्त सामग्री को नियमानुसार जांच की प्रक्रिया में शामिल किया।
राकेश डेयरी समेत कई दुकानों से लिए गए नमूने
अभियान के दौरान पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी से भी 10 किलोग्राम संदिग्ध पनीर जब्त किया गया।
इसके अलावा सरायढेला स्थित रूफ 709, निर्मल स्वीट्स और रमेश डेयरी तथा बरटांड़ स्थित गंगा डेयरी से पनीर, घी और खोवा-मिठाई के नमूने एकत्र किए गए।
मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले पाए गए खाद्य पदार्थों को भी जब्त किया गया। हालांकि, खाद्य पदार्थों की अंतिम स्थिति रासायनिक परीक्षण की रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
जिलेभर में जारी रहेगा खाद्य सुरक्षा अभियान
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा है कि आम नागरिकों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निरीक्षण अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने और बिना वैध लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के साथ नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंदन साव, चन्द्रदेव गंझू, जैस्मीन केरकेट्टा और नैना नायक सहित विभागीय कर्मी राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार, अमित कुमार एवं शुभम कुमार शामिल रहे।

