कोलकाता/दक्षिणेश्वर। दक्षिणेश्वर फ्लाईओवर के नीचे देर रात फेरीवालों की दुकानों पर कार्रवाई किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय फेरीवालों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के उनकी दुकानों और रोजी-रोटी के साधनों को हटाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान केंद्रीय बल और राज्य पुलिस के जवान भी मौके पर मौजूद थे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच फ्लाईओवर के नीचे लगाए गए अस्थायी दुकानों को हटाने की प्रक्रिया चलती रही।
फेरीवालों ने लगाए गंभीर आरोप
फेरीवालों का कहना है कि वे वर्षों से मेहनत-मजदूरी कर इसी स्थान पर अपना व्यवसाय चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनका आरोप है कि प्रशासन की ओर से उन्हें पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया और न ही पुनर्वास की कोई व्यवस्था या वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया गया।
उनका कहना है कि अचानक हुई इस कार्रवाई से कई परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि अभियान किस विभाग के निर्देश पर चलाया गया और इसके पीछे क्या कारण थे।
यदि प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण जारी किया जाता है, तो उसके आधार पर मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

