नीट और पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल लोगों की गिरफ्तारी पर पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के अपने वादे से पीछे हट रही है।
आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं करने के समझौते का उल्लंघन हो रहा है। उनका दावा है कि बिहार और पश्चिम बंगाल में कई छात्रों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दिल्ली और अन्य राज्यों में प्रदर्शनकारियों और उनके सहयोगियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की मदद करने वाले कई वॉलंटियर्स को हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आई हैं।
रांका ने अपनी पोस्ट में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह को भी टैग किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान इन्हीं दोनों मंत्रियों के साथ हुई बातचीत में कुछ अहम सहमति बनी थी।
सीजेपी की ओर से मांग की गई है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस ली जाएं, गिरफ्तार छात्रों को तुरंत रिहा किया जाए और भविष्य में भी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई नई एफआईआर दर्ज न की जाए। रांका ने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो पार्टी फिर से विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी।
सीजेपी को प्रदर्शनकारियों की कोई चिंता नहीं रह गई
उन्होंने लिखा कि हम यह भी मांग करते हैं कि कानूनी मामलों से जुड़ा लिखित समझौता और भारत सरकार के साथ तय समय-सीमा की जानकारी हमें कल तक दी जाए.
बता दें सोशल मीडिया साइट्स पर इस बात की आलोचना हो रही है कि सीजेपी ने भले दावा किया हो कि सरकार किसी प्रदर्शन कारी के खिलाफ एक्शन नहीं लेगी लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है. रांका का यह बयान ऐसे वक्त में आया है कि सीजेपी को लेकर दावा किया जा रहा है कि वह सिर्फ इस्तीफे से खुश हो गई है.
सोशल मीडिया पर ही एक पार्टी का वीडियो शेयर करते हुए तमाम लोग यह लिख रहे हैं कि सीजेपी को अब उन प्रदर्शनकारियों की कोई चिंता नहीं रह गई जिनके खिलाफ पुलिस और सरकार एक्शन ले रही है.

