पटना: बिहार सरकार ने सोमवार देर शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए पटना प्रमंडल के आयुक्त समेत 14 IAS अधिकारियों का तबादला किया है। इसके अलावा चार IAS अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार के इस फेरबदल में ग्रामीण विकास, गृह, वित्त, निगरानी, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन, समाज कल्याण, पीएचईडी और शिक्षा विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
इसके साथ ही भोजपुर, बेगूसराय, सीवान, सीतामढ़ी और कैमूर जिलों के जिलाधिकारियों में भी बदलाव किया गया है।
गृह विभाग के प्रधान सचिव बने पंकज कुमार
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, पीएचईडी के प्रधान सचिव राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है। पटना प्रमंडल के निवर्तमान आयुक्त मयंक वरवड़े को निगरानी विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास को ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार को गृह विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
विनय कुमार को वित्त विभाग की जिम्मेदारी
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार को वित्त विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। उनके पास नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
वहीं, कुंदन कुमार को गृह सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह वाणिज्य कर, जीएसटी और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में पूर्ववत बने रहेंगे।
पीएचईडी और शिक्षा विभाग में भी बदलाव
नवीन कुमार को मद्य निषेध विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें शिक्षा विभाग के संपूर्ण प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी कार्तिकेय धनजी को पीएचईडी विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन को शिक्षा विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
राजीव रौशन उच्च शिक्षा विभाग के सचिव और वित्त विभाग के सचिव (संसाधन) के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे।
इन अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार
प्रशासनिक फेरबदल के तहत अरविंद कुमार चौधरी को बिपार्ड के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के विशेष सचिव नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
भोजपुर, बेगूसराय समेत पांच जिलों के DM बदले
अधिसूचना के अनुसार खान निदेशक मनेश कुमार मीणा को भोजपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय को बेगूसराय का नया डीएम बनाया गया है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा को सीवान का जिलाधिकारी बनाया गया है। भोजपुर के निवर्तमान डीएम तनय सुल्तानिया को सीतामढ़ी का डीएम नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के एमडी कुमार अनुराग को कैमूर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के साथ राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

