बेकाबू ट्रक ने 20 किलोमीटर तक मचाया कहर, बाइक और मवेशियों को रौंदते हुए भागा

बेकाबू ट्रक ने 20 किलोमीटर तक मचाया कहर, बाइक और मवेशियों को रौंदते हुए भागा

निरसा। शनिवार रात एक अनियंत्रित ट्रक ने बलियापुर से कालियासोल तक करीब 20 किलोमीटर के रास्ते में जमकर उत्पात मचाया। ट्रक की चपेट में आने से कई बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और 2 से 3 मवेशियों के भी रौंदे जाने की सूचना है। घटना के बाद कई थानों की पुलिस को ट्रक का पीछा कर स्थिति नियंत्रित करने के लिए मौके पर उतरना पड़ा।

पिंडराहट में बाइक सवार को मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार, ट्रक बलियापुर की ओर से कालू बथान ओपी क्षेत्र के पिंडराहट होते हुए कालियासोल की तरफ जा रहा था। पिंडराहट के पास मुख्य मार्ग पर ट्रक ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर के बाद चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसे लेकर भागना शुरू कर दिया। भागने के दौरान रास्ते में कई अन्य बाइक और मवेशी भी ट्रक की चपेट में आ गए।

ग्रामीणों ने फटका पुल पर ट्रक को घेरा

लगातार हादसों के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। भागता हुआ ट्रक कालियासोल मोड़ से निरसा की ओर मुड़ा। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और आखिरकार निरसा थाना क्षेत्र के फटका पुल के पास ट्रक को घेर लिया।

ट्रक के रुकते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने चालक की पिटाई शुरू कर दी।

पुलिस ने भीड़ से निकालकर बचाई चालक की जान

घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाने के एसआई गौरव कुमार तिवारी और सपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार यादव मौके पर पहुंचे। दोनों ने भीड़ के बीच से चालक को निकालकर उसकी जान बचाई।

बाद में निरसा थाना प्रभारी अजीत भारती और एसडीपीओ लीलेश्वर महतो कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए चालक को इलाज के लिए धनबाद भेजा।

ट्रक जब्त, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर निरसा थाना पहुंचाया है। घायल चालक का इलाज धनबाद में कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों तथा घायल लोगों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

निरसा से बंटी झा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *