बराकर चोरी कांड में 2 गिरफ्तार, सोना-चांदी के गहने बरामद; नाबालिग आरोपी जुवेनाइल होम भेजा गया

बराकर चोरी कांड में 2 गिरफ्तार, सोना-चांदी के गहने बरामद; नाबालिग आरोपी जुवेनाइल होम भेजा गया

बराकर। पश्चिम बर्धमान जिले के बराकर के वार्ड नंबर 68 स्थित करीमडांगल इलाके में एक घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चोरी गए एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने और चांदी के गहनों में से कुछ सामान बरामद किया गया है। मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे 17 वर्षीय नाबालिग को जुवेनाइल होम भेज दिया गया है।

छह दिन पहले घर में हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार, करीमडांगल निवासी पंकज श्रीवास्तव के घर में करीब छह दिन पहले चोरी की घटना हुई थी। घटना के बाद बराकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को चोरी के गहनों के संबंध में सुराग मिले।

बुधवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कुल्टी एसीपी एमडी जावेद हुसैन के नेतृत्व में बराकर चौकी में मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस दौरान कुल्टी थाने के प्रभारी अधिकारी अशोक सिंह महापात्र, बराकर चौकी इंचार्ज अंजन रजक और एएसआई असीम चक्रवर्ती मौजूद रहे।

चोरी के गहने खरीदने के आरोप में गिरफ्तारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चोरी के गहने खरीदने के आरोप में निरसा निवासी रिंटू मांझी को बैगुनिया दुर्गा मंदिर के पास स्थित उसकी दुकान से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीन दिनों की पुलिस रिमांड मिली।

पुलिस ने रिमांड के दौरान उससे पूछताछ की। इसके बाद उसकी दुकान पर बराकर चौकी पुलिस ने छापेमारी की।

छापेमारी में सोना-चांदी बरामद

एएसआई असीम चक्रवर्ती के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 250 ग्राम चांदी और 6 से 7 ग्राम सोना बरामद किया। पुलिस का दावा है कि बरामद गहने करीमडांगल स्थित पंकज श्रीवास्तव के घर से चोरी हुए सामान का हिस्सा हैं।

मामले में गिरफ्तार रिंटू मांझी को गुरुवार को दोबारा आसनसोल कोर्ट में पेश किए जाने की बात पुलिस सूत्रों ने कही है।

नाबालिग आरोपी जुवेनाइल होम भेजा गया

पुलिस ने इस चोरी की घटना में स्थानीय 17 वर्षीय नाबालिग को मुख्य आरोपी के रूप में चिह्नित किया है। उसे जुवेनाइल होम भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में और कितने लोग शामिल थे और चोरी का बाकी सामान कहां है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *