अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की भव्य तैयारी, 56 घाटों पर जलेंगे 30 लाख से अधिक दीप; 2100 ड्रोन से दिखेगी रामायण

अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की भव्य तैयारी, 56 घाटों पर जलेंगे 30 लाख से अधिक दीप; 2100 ड्रोन से दिखेगी रामायण

56 घाटों पर दीपों से जगमगाएगी रामनगरी

अयोध्या। छोटी दीपावली के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरयू नदी के तट पर स्थित राम की पैड़ी के सभी 56 घाटों को दीपों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। पूरी अयोध्या रोशनी से जगमगा रही है। शहर के प्रमुख स्थानों पर सजावट के साथ रामायण के प्रसंगों को भी खास अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। 3D स्क्रीन पर रामायण के प्रमुख दृश्यों को जीवंत रूप दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंग देखने का अवसर मिलेगा।

30 लाख से अधिक दीप जलाकर बनेगा नया रिकॉर्ड

इस बार दीपोत्सव में नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप जलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। दीपों की रोशनी से सरयू तट का नजारा बेहद आकर्षक बनाने की योजना है। इसके अलावा सरयू तट पर 2,100 बटुकों द्वारा महाआरती की जाएगी। आयोजन में 2,100 ड्रोन की मदद से रामायण पर आधारित विशेष शो भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए आसमान में रामायण के प्रमुख प्रसंगों को दर्शाने की तैयारी है।

दीपोत्सव में शामिल होने के लिए देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अयोध्या पहुंचेंगे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस दौरान राम मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ दीपोत्सव के विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

झांकी से शुरू होगा कार्यक्रम, होगा प्रतीकात्मक राज्याभिषेक

दीपोत्सव के कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे साकेत डिग्री कॉलेज से निकलने वाली झांकी से होगी। यह झांकी दोपहर करीब दो बजे राम कथा पार्क पहुंचेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दोपहर 2:15 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दोपहर 2:30 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और उपराष्ट्रपति राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।

दोपहर 3:25 से 3:40 बजे के बीच भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूप हेलीकॉप्टर से राम कथा पार्क पहुंचेंगे। यहां भरत मिलाप का आयोजन होगा। इसके बाद 3:50 से 4:10 बजे तक राम और जानकी की पूजा-वंदना, आरती तथा भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया जाएगा। शाम 4:25 से 4:40 बजे तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन प्रस्तावित है।

सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन होगा मुख्य आकर्षण

शाम के कार्यक्रमों में सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन प्रमुख आकर्षण रहेंगे। शाम 5:35 से 5:55 बजे तक नया घाट पर सरयू आरती होगी। इसके बाद शाम 6 बजे से 6:25 बजे तक राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस दौरान लाखों दीपों की रोशनी से घाटों को आलोकित किया जाएगा।

शाम 6:25 से 6:55 बजे तक 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, रामायण पर आधारित लेजर शो और ड्रोन शो का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 6:55 से 7:05 बजे तक राम की पैड़ी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन निर्धारित है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में रात करीब 7:40 से 7:50 बजे तक आतिशबाजी की जाएगी।

सुरक्षा के लिए 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटी गई अयोध्या

दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अयोध्या को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है। अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ सीआरपीएफ, पीएसी, बम स्क्वॉड और अग्निशमन विभाग की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। आयोजन स्थल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आधुनिक तकनीक से सजे लेजर तथा ड्रोन शो के साथ अयोध्या का यह दीपोत्सव भव्य आयोजन के रूप में तैयार किया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *