औरंगाबाद। जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत टंडवा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के पिपरडीह गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक ऑल्टो कार से करीब 300 लीटर देसी टनाका शराब बरामद की। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि पिपरडीह गांव में एक ऑल्टो कार के माध्यम से अवैध शराब की खेप लाई गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
40 कार्टन में मिली करीब 300 लीटर शराब
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ऑल्टो कार की तलाशी ली। जांच में वाहन से 40 कार्टन में रखी करीब 300 लीटर देसी टनाका शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर थाना लाया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फरार तस्कर की तलाश जारी
इस अभियान में एएसआई रुपेश कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। टंडवा थाना प्रभारी अजय बहादुर सिंह ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

