Anant Singh Daughter Wedding: शिवांगी की शादी के भोज में बिगड़े इंतजाम? पत्तल के लिए होड़, हवा में उछालकर बांटी गई प्लेटें

Anant Singh Daughter Wedding: शिवांगी की शादी के भोज में बिगड़े इंतजाम? पत्तल के लिए होड़, हवा में उछालकर बांटी गई प्लेटें

पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी भव्य आयोजन और भारी भीड़ को लेकर लगातार चर्चा में है। शादी में लाखों लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने का दावा किया गया था, लेकिन भोज के दौरान उमड़ी भीड़ के बीच इंतजाम संभालना चुनौतीपूर्ण नजर आया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कहीं पत्तल लेने के लिए लोगों के बीच होड़ दिखाई दे रही है, तो कहीं व्यवस्था संभाल रहे लोग पत्तलों को हवा में उछालकर बांटते नजर आ रहे हैं। पानी पीने के लिए लगाए गए नलों पर गिलास बांधे जाने का दृश्य भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

पत्तल लेने के लिए लोगों में दिखी होड़

शादी के भोज में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण खाना परोसने और बैठने की व्यवस्था पर दबाव दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग पत्तल पाने के लिए मशक्कत करते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में व्यवस्था संभाल रहे लोग पत्तलों को हवा में उछालकर दूर खड़े लोगों तक पहुंचाते दिखाई देते हैं।

एक अन्य वीडियो में कुछ लोग प्लेट या पत्तल नहीं मिलने पर कार्टून में ही खाना खाते नजर आ रहे हैं। इन दृश्यों के सामने आने के बाद शादी के भव्य इंतजामों के बीच भोज की व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है।

पानी के नल पर बांधे गए गिलास का वीडियो वायरल

भोज में पानी पीने की व्यवस्था भी चर्चा का विषय बनी हुई है। खबर 360° की ओर से साझा किए गए एक वीडियो में पानी के नल के पास गिलास बांधे हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि लोग इन्हीं गिलासों की मदद से पानी पी रहे थे।

शादी में उमड़ी भीड़ के बीच पानी और भोजन से जुड़े ये छोटे-छोटे इंतजाम भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्यों को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

लाखों लोगों के भोजन का किया गया था इंतजाम

अनंत सिंह की बेटी की शादी को लेकर पहले से ही बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। दावा किया गया था कि समारोह में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए थे और करीब 500 हलवाई तथा कारीगर खाना और मिठाइयां बनाने में जुटे थे।

मेहमानों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के कारण भोजन स्थल पर काफी भीड़ जुट गई। वायरल वीडियो में दिख रहे दृश्य इसी भीड़ के बीच व्यवस्था बनाए रखने में आई मुश्किलों की ओर इशारा कर रहे हैं।

25 नवंबर को शिवांगी और ऋषिकेश की हुई शादी

मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को पटना जिले के नदवां गांव में हुई। शिवांगी की शादी बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार से हुई। समारोह में राजनीतिक जगत के कई चर्चित चेहरों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मेहमान शामिल हुए।

शादी के दौरान घुड़दौड़ समेत कई विशेष आयोजन भी रखे गए थे। भव्य पंडाल, बड़े स्तर पर भोजन की तैयारी और वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी के कारण यह शादी पहले से ही चर्चा में थी। अब भोज के दौरान पत्तल और पानी की व्यवस्था से जुड़े वायरल वीडियो ने समारोह को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *