धनबाद, बलियापुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई फोटा (भैया दूज) का पर्व बलियापुर प्रखंड के आमटाल पंचायत सहित पूरे कोयलांचल में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घर-घर में पारिवारिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। बहनों ने विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भाइयों के माथे पर फोटा लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
चंदन और काजल से लगाया भाई के माथे पर फोटा
भाई फोटा के अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों के कपाल पर चंदन और काजल का तिलक लगाया। इसके बाद उनकी आरती उतारी और मिठाइयां खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस पारंपरिक रस्म के दौरान बहनों ने भाइयों की दीर्घायु और जीवन में सुख-शांति की कामना की। भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट किए और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प जताया।
बंगाली परंपरा और संस्कृति की दिखी झलक
पर्व के दौरान कोयलांचल की बंगाली संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों की खूबसूरत झलक देखने को मिली। बहनों ने फोटा लगाते समय पारंपरिक मंत्र का उच्चारण किया—“भाइयेर कपाले दिलाम फोटा, यमेर दुआरे पड़लो कांटा।” इस मंत्र के माध्यम से बहनें अपने भाइयों की सुरक्षा और लंबी उम्र की मंगलकामना करती हैं। घरों में पूजा-अर्चना, आरती और मिठाइयों के आदान-प्रदान के बीच त्योहार की रौनक बनी रही।
विधायक चंद्रदेव महतो ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रदेव महतो ने कोयलांचल और सिंदरी के लोगों को भाई फोटा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भाई फोटा केवल एक पारंपरिक रस्म नहीं, बल्कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक एकता का प्रतीक है। कोयलांचल की धरती पर मनाया जाने वाला यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को और मजबूत करता है।
परिवारों में बना रहा उत्सव का माहौल
आमटाल पंचायत सहित पूरे कोयलांचल में भाई फोटा को लेकर लोगों में खास उत्साह रहा। बहनों और भाइयों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताकर इस पर्व को यादगार बनाया। इस दौरान लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी को मजबूत करने वाला यह पर्व पूरे क्षेत्र में पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

