JPSC परीक्षा में सेटिंग का आरोप, पुलिसकर्मी पर भी लगा सिंडिकेट से जुड़कर परीक्षा पास करने का दावा

JPSC परीक्षा में सेटिंग का आरोप, पुलिसकर्मी पर भी लगा सिंडिकेट से जुड़कर परीक्षा पास करने का दावा

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित धांधली को लेकर CID की जांच में एक और मामला सामने आया है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, झारखंड पुलिस में तैनात एक आरक्षी पर सॉल्वर गैंग और सेटिंग सिंडिकेट की मदद से परीक्षा पास करने का आरोप है। आरोपित की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रांची जिला बल में आरक्षी के पद पर तैनात बताया गया है। CID की जांच में कथित तौर पर ओएमआर शीट में हेराफेरी, पैसों के लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं।

बरियातू की चाय दुकान पर हुई थी कथित डील

CID की जांच के अनुसार, बिहार के जमुई निवासी मनोज कुमार ने वर्ष 2017 में झारखंड पुलिस की नौकरी ज्वाइन की थी। JPSC और JSSC की परीक्षाओं में लगातार असफल रहने के बाद उसने कथित तौर पर परीक्षा पास कराने के लिए एजेंटों से संपर्क किया।

जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि बरियातू थाना के पास एक चाय दुकान पर उमाकांत उरांव के माध्यम से उसकी मुलाकात एजेंट रमेश कुमार से हुई थी। रमेश कुमार ने कथित तौर पर JPSC के उच्च स्तर के अधिकारियों और परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी TDPL के प्रबंधकों से संपर्क होने का दावा किया था। आरोप है कि उसने मनोज कुमार को परीक्षा पास कराने का भरोसा दिया।

10 लाख रुपये एडवांस और मूल प्रमाण पत्र देने का आरोप

जांच के मुताबिक, कथित सौदे के तहत मनोज कुमार ने अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र और 10 लाख रुपये एडवांस के रूप में एजेंट को सौंपे थे। एजेंट की ओर से अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में केवल उन्हीं प्रश्नों के उत्तर भरने का निर्देश दिया गया था, जिनके जवाब उन्हें पता थे। बाकी प्रश्नों के गोले खाली छोड़ने को कहा गया था।

CID की जांच में आरोप है कि ओएमआर शीट की कार्बन प्रति एजेंट के माध्यम से बुद्धेश्वर भगत और उमेश कुमार के जरिए TDPL के निदेशक रणबीर सिंह तक पहुंचाई गई। इसके बाद खाली छोड़े गए गोलों में सही उत्तर भरने की कथित योजना थी।

CCTV फुटेज और मूल OMR में मिला अंतर

जांच रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षा केंद्र के CCTV फुटेज की जांच में मनोज कुमार को पेपर-1 में 72 और पेपर-2 में 74 प्रश्नों के उत्तर भरते हुए पाया गया। वहीं, उसके मूल ओएमआर रिकॉर्ड में दोनों पेपर में 100-100 प्रश्न भरे हुए मिले। जांच एजेंसी ने इस अंतर को कथित ओएमआर हेराफेरी से जोड़कर देखा है।

लैपटॉप में मिली 24 अभ्यर्थियों की सूची

CID की जांच में मुख्य एजेंट बताए जा रहे बुद्धेश्वर भगत के लैपटॉप से एक सूची बरामद होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, यह सूची 6 मई 2026 को तैयार की गई थी और इसमें 24 अभ्यर्थियों के नाम दर्ज थे। इस सूची में मनोज कुमार का नाम और रोल नंबर 2601279289 भी शामिल बताया गया है।

जांच रिपोर्ट में इस सूची को परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले कथित चयन की योजना से जुड़ा अहम डिजिटल साक्ष्य माना गया है।

CID की दबिश के बाद प्रमाण पत्र वापस लेने का आरोप

जांच के अनुसार, CID की कार्रवाई शुरू होने और कानूनी शिकंजा कसने के बाद मनोज कुमार ने अपने मित्र उमाकांत उरांव के माध्यम से एजेंट रमेश कुमार से मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र वापस ले लिए थे। हालांकि, जब CID ने उससे ओएमआर शीट की कार्बन प्रति मांगी तो वह उसे उपलब्ध नहीं करा सका।

रिपोर्ट में वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों का भी उल्लेख किया गया है। जांच एजेंसी ने इन्हें कथित सिंडिकेट और अभ्यर्थी के बीच पैसों के आदान-प्रदान की कड़ी के रूप में देखा है। मामले में सामने आए आरोपों और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *