दीप प्रज्वलन के साथ चौथे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत
धनबाद। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से आयोजित ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ जारी है। मंगलवार को आयोजन के चौथे दिन मेमको मोड़ स्थित रामाजी कॉम्प्लेक्स के 99G कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दीपों की रोशनी के बीच भारतीय संस्कृति और देशप्रेम की झलक देखने को मिली।
समारोह का उद्घाटन धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह, झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय सदस्य नीलम मिश्रा, समाजसेवी शांतनु चंद्रा और 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के राकेश पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर शहर के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, कंपनी के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर आधारित है आयोजन की थीम
इस वर्ष ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ की थीम भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति पर केंद्रित रखी गई है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजन स्थल के ऑडिटोरियम को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और सांस्कृतिक विरासत की झलक के साथ सजाया गया है। परिसर की सजावट के माध्यम से भारतीय परंपराओं और राष्ट्रीय चेतना को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है।
99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के राकेश पाठक ने कहा कि यह आयोजन केवल दीपावली का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय परंपराओं, संस्कारों और राष्ट्रीय चेतना को समाज तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी मतभेद भुलाकर खुशियां बांटने और समाज में सकारात्मकता फैलाने का संदेश देती है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना भी जरूरी है।
पीएन सिंह और नीलम मिश्रा ने की आयोजन की सराहना
पूर्व सांसद पीएन सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति और सभ्यता का महत्वपूर्ण पर्व है। इस तरह के कार्यक्रम लोगों को अपनी परंपराओं के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर को देशभक्ति की भावना से जोड़ने की पहल को भी सराहनीय बताया।
वहीं, जेएमएम की केंद्रीय सदस्य नीलम मिश्रा ने कहा कि कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत करने में मददगार होते हैं।
शांतनु चंद्रा ने भाईचारे और सद्भाव के संदेश को बताया महत्वपूर्ण
समाजसेवी शांतनु चंद्रा ने भी 99 ग्रुप की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। दीपावली के माध्यम से समाज में भाईचारे और सद्भाव का संदेश देना एक सकारात्मक प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आयोजन परिसर का भ्रमण किया और वहां की थीम तथा सजावट की सराहना की। दीपों से सजे परिसर में भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने की व्यवस्था लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।

7 नवंबर तक जारी रहेगा ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ आयोजन
कार्यक्रम के समापन अवसर पर 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीईओ राम प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समूह का प्रयास है कि प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर ऐसे आयोजन किए जाएं, जो भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करें।
उन्होंने बताया कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम 7 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का संचालन 99 ग्रुप के डॉ. अमित रंजन ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि भानु सोनी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
आयोजन में शामिल लोगों ने इसे दीपावली की परंपराओं और राष्ट्रभक्ति की भावना को एक मंच पर जोड़ने वाली सराहनीय पहल बताया।

