चंदनकियारी (बोकारो): चंदनकियारी प्रखंड के साबड़ा निवासी भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी इंद्रजीत महथा को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026 से सम्मानित किए जाने की घोषणा हुई है। वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध झारखंड के सारंडा वन क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान असाधारण साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व और कार्यकुशलता का प्रदर्शन करने के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने उन्हें इस सम्मान के लिए चुना है। इस उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद चंदनकियारी और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वर्तमान में इंद्रजीत महथा झारखंड जगुआर (एसटीएफ), रांची में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर कार्यरत हैं। वह वर्ष 2009 बैच के झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं।
15 वर्षों से नक्सल विरोधी अभियानों में निभा रहे अहम भूमिका
इंद्रजीत महथा की पहचान झारखंड में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों में रही है। वह पिछले लगभग 15 वर्षों से राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान से जुड़े रहे हैं। पलामू, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में उनके योगदान के लिए वर्ष 2022 में उन्हें पुलिस (आंतरिक सुरक्षा सेवा) पदक से सम्मानित किया गया था।
झारखंड जगुआर में DIG के पद पर रहते हुए भी उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में भूमिका निभाई। सारंडा वन क्षेत्र में अभियान के दौरान उनके नेतृत्व और साहस को देखते हुए गृह मंत्रालय ने वर्ष 2026 के केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए उनके नाम की घोषणा की है।
चुनावी ड्यूटी और पुलिस सेवा में भी मिल चुके हैं सम्मान
पुलिसिंग के साथ-साथ चुनाव के दौरान भी इंद्रजीत महथा ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। झारखंड के राज्य CAPF नोडल पदाधिकारी के रूप में झारखंड विधानसभा आम निर्वाचन-2024 के स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन में उनके योगदान के लिए उन्हें प्रशस्ति डिस्क एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया था।
इसके अतिरिक्त, लोकसभा एवं झारखंड विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए झारखंड के राज्यपाल की ओर से भी उन्हें प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। भारतीय पुलिस सेवा में 16 वर्षों से अधिक की सेवा के दौरान पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उनके कार्यों के लिए गृह विभाग और अन्य प्राधिकारियों की ओर से 30 से अधिक प्रशस्ति-पत्र एवं प्रशंसा-पत्र दिए जा चुके हैं।
सामान्य कृषक परिवार से निकलकर बनाई अलग पहचान
सामान्य कृषक परिवार से आने वाले इंद्रजीत महथा की इस उपलब्धि को चंदनकियारी क्षेत्र के लोग गौरव के रूप में देख रहे हैं। स्थानीय समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और लोगों ने उनके साहस, समर्पण और कार्य के प्रति निष्ठा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
क्षेत्र के सांसद ढुल्लू महतो ने भी आईपीएस इंद्रजीत महथा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि चंदनकियारी के बेटे इंद्रजीत महथा ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से युवाओं को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
चंदनकियारी में खुशी, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026 के लिए इंद्रजीत महथा के चयन की घोषणा से चंदनकियारी में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सामान्य कृषक परिवार से निकलकर भारतीय पुलिस सेवा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाना और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चुना जाना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

