Dhanbad News: भूली में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती, रामायण के आदर्शों पर चलने का दिया संदेश

Dhanbad News: भूली में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती, रामायण के आदर्शों पर चलने का दिया संदेश

भूली में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती

भूली (धनबाद): भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज एवं वाल्मीकि महापंचायत के तत्वावधान में रविवार को भूली के ए ब्लॉक स्थित वाल्मीकि नगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भूली नगर अध्यक्ष निर्मल कुमार ने की। समारोह में समाजसेवी दिलीप सिंह, थाना प्रभारी विश्वजीत ठाकुर और अशोक यादव सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण कर की। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

अतिथियों और महिलाओं को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित

समारोह के दौरान प्रदेश महामंत्री गंगा वाल्मीकि और स्थानीय युवाओं ने अतिथियों तथा महिलाओं को अंगवस्त्र एवं चुनरी देकर सम्मानित किया। आयोजन में समाज के लोगों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रामायण के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी दिलीप सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि महान संत और रामायण के रचयिता थे। उन्होंने कहा कि रामायण केवल एक महान ग्रंथ ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक भी है। सभी लोगों को रामायण में बताए गए आदर्शों और सद्मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए।

पार्षद रेमा सिंह ने कहा कि रामायण दृढ़ संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति का महत्व समझाती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर कठिन से कठिन लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास किया जा सकता है।

थाना प्रभारी ने महर्षि वाल्मीकि के साहित्यिक योगदान को किया याद

थाना प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने महर्षि वाल्मीकि के साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रामायण के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों का वर्णन करते हुए लोगों को मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा दी।

वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के विचारों को अपनाने और समाज में अच्छे संस्कार, सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल

कार्यक्रम का संचालन मानस रंजन पाल और जितेंद्र कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन वाल्मीकि महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष पंकज कुमार वाल्मीकि ने किया।

समारोह में पार्षद अशोक यादव, पूर्व पार्षद रणजीत कुमार बिल्लू, वाल्मीकि पंचायत के महामंत्री सुभाष वाल्मीकि, जिला अध्यक्ष दीपक कुमार वाल्मीकि, नव संकल्प मंच के संरक्षक नीलू कांत सिन्हा, सिंह मंच के अध्यक्ष पंकज सिंह, राणा दत्ता, अजय चौधरी, संतोष सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रवीण सिंह, अरुण कुमार, मंडल दीपक कुमार, संजय सिंह, कांति विश्वास, दिलबाग सिंह, विष्णु सिंह, दीपक कुमार महतो, मोती वाल्मीकि, राहुल कुमार, कुंदन कुमार, संदीप वाल्मीकि और गौरव कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *