Dhanbad News: सिंदरी में 65 फीट के रावण का दहन, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा पूरा शहर

Dhanbad News: सिंदरी में 65 फीट के रावण का दहन, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा पूरा शहर

धनबाद, सिंदरी: बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयादशमी का पर्व सिंदरी में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। जय श्रीराम के जयघोष और आतिशबाजी से पूरा शहर उत्सव के रंग में रंग गया।

शिव मंदिर प्रांगण से मंदिर कमेटी के सचिव दिनेश सिंह के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रथ पर सवार भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में रामभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राम, लक्ष्मण और हनुमान की झांकी बनी आकर्षण

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए रामभक्त शिव मंदिर प्रांगण पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक हथियारों से करतब दिखाए गए और जय श्रीराम के नारे लगाए गए। पूरे रास्ते भक्तिमय माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन मंदिर कमेटी के सचिव दिनेश सिंह और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर समाजसेवी एलबी सिंह, कुंभनाथ सिंह, झामुमो के जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह, बीआईटी सिंदरी के निदेशक पंकज राय, राजपूत विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष डीएन सिंह, बलियापुर के अंचल अधिकारी मुरारी नायक और सोनू गिरी सहित अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया।

अग्निबाण से जल उठा 65 फीट ऊंचा रावण

शाम होते ही कार्यक्रम स्थल पर रामलीला का मंचन किया गया। भगवान राम की भूमिका निभा रहे कलाकार ने अग्निबाण चलाकर 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन के दौरान आतिशबाजी हुई और बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष लगाए।

रावण दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सिंदरी और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

रावण दहन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

आयोजन के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल की तैनाती के साथ मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल वाहनों की व्यवस्था भी की गई थी।

सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग ने शहर की बिजली आपूर्ति बाधित रखी, ताकि किसी अनहोनी की आशंका को कम किया जा सके।

सिंदरी के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी हुआ रावण दहन

कार्यक्रम में रासबिहारी सिंह, विदेशी सिंह, कामेश्वर सिंह, संजय सिंह, सुनील सिंह, मनीष सिंह, कुंदन श्रीवास्तव, बृजेश सिंह, प्रमोद सिंह, सुरेश सिंह, नकुल सिंह, राजू पांडेय, सत्यदेव सिंह, राहुल टुडू, लोगेन हेंब्रम और सुग्रीव सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

सिंदरी के अलावा एसीसी क्षेत्र में भी रावण दहन का आयोजन किया गया। वहीं, बुधवार को कांड्रा सरकारी उच्च विद्यालय और डोंमगढ़ बालू बैंकर मैदान में भी रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।

रिपोर्ट: NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *