धनबाद (सिंदरी): शारदीय नवरात्र के अवसर पर सिंदरी स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर के प्रांगण में महा नवमी के दिन विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ संपन्न हुआ। सोमवार सुबह 11 बजे से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत हुई। इसमें मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री, मां गायत्री, पूज्य गुरुदेव, वंदनीय माता और देवी-देवताओं की पूजा की गई।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हुए। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
गायत्री मंत्र जाप और संकल्प के साथ संपन्न हुआ अनुष्ठान
गायत्री ज्ञान मंदिर के साधना कक्ष में नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने गायत्री मंत्र जाप और मंत्र लेखन का सामूहिक संकल्प लिया था। महा नवमी के दिन गायत्री परिवार के सदस्यों ने पूजा-अर्चना और यज्ञकर्म में भाग लेकर अपने संकल्प को पूर्ण किया।
श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना श्रद्धा और भक्ति भाव से की। कई भक्तों ने अपने घरों के मंदिरों में भी मंत्र जाप और पूजा-अर्चना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ और पूर्णाहुति
मंदिर परिसर में पूजा के दौरान वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया। हवन-यज्ञ, अन्य धार्मिक संस्कार और पूर्णाहुति के साथ अनुष्ठान संपन्न हुआ। पंडित एस.पी. साह, रेखा जी, लोहानी जी और राय जी ने पूजा-अर्चना कराई।
इसके बाद आरती की गई। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा और मां गायत्री से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सफलता बनाए रखने की प्रार्थना की।
कन्या पूजन कर बच्चियों को कराया गया प्रसाद ग्रहण
हवन-यज्ञ के बाद कन्या पूजन किया गया। उपस्थित महिलाओं और श्रद्धालुओं ने कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी आरती उतारी और पूजन के साथ दान किया। इसके बाद बच्चियों को सबसे पहले भोग और प्रसाद वितरित किया गया।
गायत्री परिवार के सदस्यों और आसपास से आए श्रद्धालुओं ने कन्याओं को आशीर्वाद दिया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद सभी भक्तों के बीच प्रसाद और महाप्रसाद का वितरण किया गया।
सुख-शांति और समृद्धि के लिए की गई प्रार्थना
पूजा के दौरान पंडित जी ने मां गायत्री, मां दुर्गा और गुरुदेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सफलता आने की कामना की। उन्होंने सभी के दुख दूर होने और गायत्री मंत्र के नियमित जाप से नई ऊर्जा मिलने की प्रार्थना की।
आरती के साथ पूजा संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद और महाप्रसाद ग्रहण किया।
रिपोर्ट: राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा, सिंदरी | NEWS ANP

