धनबाद में दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर शांति समिति की बैठक
धनबाद। दुर्गा पूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धनबाद के न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं पर चर्चा हुई।
बैठक में जिले के कई विधायक, धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह, नगर आयुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न थानों के प्रभारी, इंस्पेक्टर, डीएसपी और एसडीपीओ मौजूद रहे।
बड़े पूजा पंडालों में CCTV से होगी निगरानी
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। बड़े पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। निगरानी कक्ष में पुलिसकर्मियों के साथ पूजा समितियों के सदस्य भी व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
इसके अलावा, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने पूजा समितियों से प्रत्येक समिति की ओर से 50-50 स्वयंसेवक तैनात करने की अपील की है, ताकि श्रद्धालुओं की सहायता और भीड़ प्रबंधन में सहयोग मिल सके।
अष्टमी से दशमी तक भारी वाहनों पर रोक
दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि अष्टमी से दशमी तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कुछ मार्गों पर हल्के वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालु पैदल पूजा पंडालों और मेले तक पहुंच सकें।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने की बात भी कही। अधिकारियों के अनुसार, अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करेगा नगर निगम
धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह ने कहा कि बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन्हें प्रशासन ने नोट किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के चार-पांच दिनों के दौरान नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
महापौर के अनुसार, पूजा से पहले पंडालों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सड़कों के गड्ढे भरे जाएंगे और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग की अपील
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में पुलिस-प्रशासन और नगर निगम ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा तथा नागरिक सुविधाओं को लेकर अपनी तैयारियों पर चर्चा की। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह से बचने पर जोर दिया।
बाइट: प्रभात कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक, धनबाद
बाइट: संजीव सिंह, महापौर, धनबाद नगर निगम

