Dhanbad News: बलियापुर में हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत के बाद सड़क जाम

Dhanbad News: बलियापुर में हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत के बाद सड़क जाम

धनबाद, बलियापुर। बलियापुर-पतलाबाड़ी रोड पर दुधिया मोड़ के पास शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कलियासोल प्रखंड के तेतुलिया गांव निवासी 40 वर्षीय सुरेश मुर्मू और 30 वर्षीय सुखी सोरेन के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।

तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश मुर्मू और सुखी सोरेन बाइक से धनबाद मजदूरी करने गए थे। लौटने के दौरान दुधिया मोड़ के पास पतलाबाड़ी की ओर जा रहे एक हाईवा ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवा बाइक को घसीटते हुए करीब 50 से 60 फीट तक ले गया।

हादसे में बाइक चला रहे सुरेश मुर्मू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी सुखी सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार

स्थानीय जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद हाईवा चालक मौके से भाग निकला। संबंधित हाईवा को एआरएसएस कंपनी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस वाहन का इस्तेमाल पिंडराहट से बोल्डर ढोने के लिए किया जाता है।

घटना की सूचना मिलने पर बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभालने और शवों को उठाने का प्रयास किया, लेकिन मुआवजे की मांग कर रहे लोगों ने शव उठाने से रोक दिया।

मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन तेतुलिया गांव से घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों की पहचान की। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बलियापुर-पतलाबाड़ी रोड जाम कर दिया। सड़क जाम होने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल हाईवा के शीशे आदि भी तोड़ दिए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।

मृतकों के परिवार में पसरा मातम

मृतक सुरेश मुर्मू के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। वहीं, सुखी सोरेन दिवंगत बिजना सोरेन की पत्नी थीं। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सड़क जाम के दौरान तेतुलिया के मुखिया सोम मरांडी, दूधिया पंचायत के मुखिया उत्तम चौबे, पूर्व मुखिया रफीक अंसारी, प्रदीप उपाध्याय, अख्तर अंसारी, नयन ठाकुर, वरुण मंडल और अधर सहीस सहित अन्य लोग मौजूद रहे। घटनास्थल पर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई महेश्वर महतो और बलियापुर थाने के अन्य पुलिसकर्मी भी तैनात थे।

रिपोर्ट: राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा, NEWS ANP, सिंदरी

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *