Sindri Durga Puja: गौशाला ओपी में शांति समिति की बैठक, DJ और शराब पर सख्ती के निर्देश

Sindri Durga Puja: गौशाला ओपी में शांति समिति की बैठक, DJ और शराब पर सख्ती के निर्देश

सिंदरी, धनबाद। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सिंदरी के गौशाला ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब 100 लोग शामिल हुए। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया गया। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

DJ और शराब को लेकर पुलिस ने जारी किए सख्त निर्देश

गौशाला ओपी प्रभारी शंभू नाथ सिंह ने बैठक के दौरान दुर्गा पूजा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान DJ बजाने और शराब के सेवन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में या नियमों का उल्लंघन करते हुए सड़क पर पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

बिजली और साफ-सफाई का मुद्दा उठा

बैठक में स्थानीय नागरिक राकेश पंडित ने प्रशासन के समक्ष बिजली और साफ-सफाई से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने बिजली विभाग और नगर निगम के अधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बिजली और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं सामने आती हैं। ऐसे में संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी और समय पर तैयारी जरूरी है।

बड़े वाहनों की नो एंट्री की मांग

राकेश पंडित ने शांति समिति की बैठकों में स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को भी शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों के तेज रफ्तार में चलने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

उन्होंने दुर्गा पूजा के दौरान कम से कम तीन दिनों तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर नो एंट्री लागू करने की मांग रखी, ताकि पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

बैठक में थाना प्रभारी शंभू नाथ सिंह, अजय राम, पवन उरांव, बिरस तिग्गा, वार्ड 53 के पार्षद गणेश महतो, रंजीत सिंह, सहदेव सिंह, सावित्री पांडे, चुनकी देवी और राकेश पंडित समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *