निरसा। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार शाम निरसा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, शांति समिति के सदस्य समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
निरसा थाना क्षेत्र में 18 पूजा समितियां करेंगी पूजा

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष निरसा थाना क्षेत्र में कुल 12 लाइसेंसी दुर्गा पूजा समितियों के साथ-साथ 6 गैर-लाइसेंसी पूजा समितियों की ओर से भी मां दुर्गा की पूजा की जाएगी।
प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
पूजा में DJ पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पूजा समितियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
इसके अलावा सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। पंडालों में अग्निशमन यंत्र रखने और पंडाल को मजबूत तरीके से तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नशे के कारोबार और उपद्रवियों पर रहेगी नजर
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों और नशे का सेवन करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। प्रशासन ने चेतावनी दी कि पूजा के दौरान शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।

