Jharia Agrasen Jayanti 2026: 10 से 28 अक्टूबर तक होंगे 15+ कार्यक्रम, जानें पूरा शेड्यूल

Jharia Agrasen Jayanti 2026: 10 से 28 अक्टूबर तक होंगे 15+ कार्यक्रम, जानें पूरा शेड्यूल

झरिया। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती पखवाड़ा-2026 को लेकर बुधवार को बालिका विद्या मंदिर के नए भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान आयोजकों ने 10 से 28 अक्टूबर तक होने वाले सामाजिक, सेवा, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस पखवाड़े में सेवा, संस्कार, संस्कृति, सामाजिक समरसता और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। पखवाड़े का समापन 28 अक्टूबर को भव्य शोभा यात्रा, सामूहिक सहभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा।

10 अक्टूबर से शुरू होंगे कार्यक्रम

प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन पखवाड़े के संयोजक डॉ. मनीष शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों का आयोजन 10 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के अध्यक्ष सुनील सावरियां ने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन का जीवन सेवा, समानता, सहयोग और परोपकार का संदेश देता है। पखवाड़े के जरिए उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सेवा से लेकर खेल और स्वास्थ्य तक होंगे कार्यक्रम

पखवाड़े की शुरुआत 10 अक्टूबर को नर-नारायण सेवा से होगी। इसके बाद 11 अक्टूबर को महाराजा श्री अग्रसेन की पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण किया जाएगा।

12 अक्टूबर को कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग होगी। 13 अक्टूबर को अंतरविद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता और 14 अक्टूबर को रात्रि क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा।

15 अक्टूबर को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 16 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता और 17 अक्टूबर को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन होगा।

महिलाओं और सामाजिक सहभागिता पर भी फोकस

कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 22 अक्टूबर को गौ सेवा एवं तुला दान का आयोजन किया जाएगा। 23 अक्टूबर को महिलाओं के लिए निःशुल्क वॉल हैंगिंग क्रिएशन कार्यशाला होगी।

24 अक्टूबर को ‘एक शाम देश के नाम’ कार्यक्रम और 25 अक्टूबर को महिलाओं के लिए डांडिया फिएस्टा आयोजित किया जाएगा।

28 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभा यात्रा

पखवाड़े के अंतिम दिन 28 अक्टूबर को भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सुबह श्री श्याम मंदिर, झरिया से शुरू होकर नगर भ्रमण करेगी। इसके बाद सामूहिक सहभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला इंटर महाविद्यालय के अध्यक्ष धर्म प्रकाश खेतान, मारवाड़ी सम्मेलन के सचिव मोहित अग्रवाल, बालिका विद्या मंदिर के सचिव सुनील अग्रवाल, मातृ सदन के सचिव गोविंद अग्रवाल, बालिका विद्या मंदिर के अध्यक्ष सीए दीपक अग्रवाल समेत आयोजन से जुड़े कई सदस्य मौजूद रहे।

आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जयंती पखवाड़ा केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और सहभागिता का अभियान है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *